एचआरटीसी ने 6 करोड़ में खरीदी है यह वोल्वो बसें, दिल्ली-रोहड़ू और दिल्ली-रामपुर रूट पर भी दौड़ेंगी वोल्वो
विश्वास भारद्वाज
शिमला। नए साल पर एचआरटीसी शिमला से पांच नई वोल्वो का संचालन शुरू करेगा। निगम ने करीब छह करोड़ की लागत से 5 नई वोल्वो खरीदी हैं। इनमें से तीन शिमला पहुंच चुकी हैं। दो बंगलूरू से 30 या 31 दिसंबर को शिमला पहुंच जाएंगी। नई वोल्वो शुरू होने से शिमला में पर्यटन कारोबार को भी पंख लगने की उम्मीद है।
नए साल पर एचआरटीसी की शिमला-दिल्ली रूट पर एक ओर अतिरिक्त वोल्वो चलाने की तैयारी कर रहा है। मौजूद समय में शिमला और दिल्ली के बीच रोजाना छह वोल्वो चल रही है। जनवरी के पहले सप्ताह में शिमला से दिल्ली के लिए रात 9:45 बजे एक ओर वोल्वो सेवा शुरू हो सकती है। लंबे समय से इस समय पर दिल्ली के लिए वोल्वो चलाने की मांग हो रही है।
दिल्ली और शिमला के बीच इन दिनों वीकेंड पर सभी वोल्वो पैक चल रही हैं। एचआरटीसी ने बीते दिनों ऊपरी शिमला के लिए भी वोल्वो सेवा शुरू की है। रोहड़ूू दिल्ली और रामपुर दिल्ली रूट पर चल रही वोल्वो भी नई वोल्वो से रिप्लेस की जा सकती हैं। इन दिनों बर्फबारी के बाद रोहड़ूू और रामपुर के लिए वोल्वो सेवा फिलहाल स्थगित है।
नए साल पर चलेंगी वोल्वो : संदीप
एचआरटीसी के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने बताया कि पांच नई वोल्वो खरीदी हैं जिनमें से तीन शिमला पहुंच चुकी हैं। स्थानीय लोगों और सैलानियों की सुविधा के लिए नए साल में शिमला से दिल्ली रूट पर अतिरिक्त वोल्वो सेवा शुरू की जाएगी।
नई वोल्वो की खासियत
लैपटॉप के लिए लॉकर, ड्राइवर के लिए केबिन
एचआरटीसी की नई वोल्वो जहां आधुनिक तकनीकों से लैस है वहीं इनमें अतिरिक्त सुविधाएं भी जोड़ी हैं। यात्रियों के लैपटॉप चोरी होने की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए नई वोल्वो में सीटों पर लॉकर की सुविधा दी है। कोरोना के खतरे से बचाव के लिए ड्राइवर के लिए अलग केबिन बनाया है। बीएस -6 तकनीक से लैस होने के कारण यह पूरी तरह प्रदूषण रहित है। पुरानी वोल्वो की हार्स पावर 285 थी जबकि नई वोल्वो की हार्स पॉवर 300 है। इसके अलावा व्हीक्ल ट्रैकिंग सिस्टम और वाईफाई से भी लैस है। सामान्य की जगह नई वोल्वो में हर सीट पर यूएसबी मोबाइल चार्जर लगे हैं। सभी 39 सीटें थाई रेस्ट से लैस हैं।