एचपीयू में एक जनवरी से 52 दिन की होंगी छुट्टियां
21 फरवरी तक रहेगा शैक्षणिक विभागों में अवकाश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में हिंसा के कारण पैदा हुआ तनाव एक जनवरी से पूरी तरह शांत हो जाएगा। कोरोनाकाल के बाद शुरू हुए नए शैक्षणिक सत्र में मंगलवार और बुधवार को छात्र संगठनों के बीच भिड़ंत हो गई थी। इसके बाद अधिकारियों ने बैठकर दोनों संगठनों में सुलह करवाई थी। परिसर में वीरवार को पुलिस का पहरा जरूर रहा लेकिन छात्र गुटों के भिड़ने की कोई घटना नहीं हुई।
अब कक्षाओं के लिए महज आठ दिन शेष रहे हैं। एक जनवरी से विवि में सर्दियों की छुट्टियां शुरू हो जाएंगी। कक्षाएं बंद होने पर आम छात्रों का विवि में आना भी बंद होगा। इससे नए सत्र में आए छात्रों को रिझाने का प्रयास कर रहे छात्र संगठनों की सक्रियता भी कम होगी। इससे विवि का माहौल शांत बन जाएगा। विवि में एक जनवरी से 21 फरवरी तक अवकाश रहेंगे। इस दौरान कक्षाएं नहीं लगेंगी लेकिन शोधार्थी परिसर में आते रहेंगे। छुट्टियों में किन छात्रों को छात्रावासोें में ठहरने की अनुमति मिलेगी इस पर विवि प्रशासन जल्द स्थिति स्पष्ट कर देगा।
अधूरा हैै पाठ्यक्रम तो
ऑनलाइन लगेंगी कक्षाएं
पीजी का पाठ्यक्रम अधूरा है तो उस विभाग के शिक्षक घर से ही ऑनलाइन कक्षाएं चलाकर इसे पूरा करेंगे। पीजी की परीक्षाओं पर भी विवि जल्द फैसला लेगा। विवि के शैक्षणिक विभागों में पहले ऑनलाइन और बाद में अक्तूबर से ऑफलाइन कक्षाओं का दौर शुरू हुआ था। प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेने वाले छात्रों की जरूर कक्षाएं देरी से शुरू हुई हैं, इसलिए सर्दियों की छुट्टियों में शिक्षकों को ऑनलाइन कक्षाओं को जारी रखना ही पड़ेगा।
जनजातीय क्षेत्र के छात्रों मिल सकती है राहत
विवि प्रशासन इस बार भी सर्दियों की शुरू हो रही छुट्टियों में शोधार्थियों के साथ दूर दराज जनजातीय क्षेत्रों के छात्रों को छात्रावासों में ठरहने की अनुमति दे सकता है। पूर्व में सर्दियों में इन छात्रों को यह अनुमति दी जाती रही है। इस बार हुई हिंसा में सबसे बड़ी उपलब्धि यह रही कि इसकी आंच छात्रावासों तक नहीं पहुंची। छात्रावासों में इस बार कोई भी लड़ाई झगड़े की घटना नहीं हुई।