हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के दूरवर्ती शिक्षण संस्थान सेंटर फॉर डिस्टेंस एंड ऑनलाइन एजुकेशन (सीडीओई) से उच्च शिक्षा प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को अब घर बैठे ऑनलाइन पढ़ाई की सुविधा मिलेगी। अब तक विद्यार्थियों को पठन सामग्री हाथों-हाथ या फिर डाक से भेजी जाती है। यह झंझट खत्म हो जाएगा। प्रवेश की प्रक्रिया को ऑनलाइन करने, कक्षाओं को ऑनलाइन संचालित करने के बाद अब विद्यार्थियों के लिए स्टडी मैटीरियल को ऑनलाइन उपलब्ध करवाने की कवायद तेज हो गई है। संचालित किए जा रहे 19 डिग्री और चार डिप्लोमा कोर्स के स्टडी मैटीरियल को विद्यार्थियों को ऑनलाइन जल्द उपलब्ध करवाया जाएगा।
यूजीसी डेब (डस्टेिंस एजुकेशन ब्यूरो) के दिशा-निर्देशों और तय की गई शर्तों को पूरा करने के लिए केंद्र को यह व्यवस्था जल्द करनी होगी। संस्थान के नाम को 2023 में डेब के आदेशों पर दूरवर्ती शिक्षा के साथ ऑनलाइन एजुकेशन सेंटर सीडीओई किए जाने के बाद यह अनिवार्य भी हो गया है। अब संस्थान सबसे पहले हर कोर्स के पहले सेमेस्टर और ईयर के स्टडी मैटीरियल को ऑनलाइन अपलोड करने का कार्य करवा रहा है। इसके पूरा होते ही इसी साल स्टडी मैटीरियल प्रदेश भर के दुर्गम क्षेत्रों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को ऑनलाइन अपलोड हो जाएगा। दूसरे चरण में अगले सेमेस्टर और ईयर के पाठ्यक्रम को तैयार कर अपलोड किया जाना है।