हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने बीटेक डिग्री कोर्स के छठे सेमेस्टर का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इसे विवि की वेबसाइट पर भी अपलोड कर दिया गया है। विद्यार्थी ऑनलाइन अपनी लॉगइन आईडी का इस्तेमाल कर परिणाम देख और अंक तालिका को डाउनलोड कर सकते हैं। वहीं, प्रदेश विवि के पांच दिव्यांग पीएचडी शोधार्थियों को केंद्र सरकार की प्रतिष्ठित राष्ट्रीय फेलोशिप मिली है। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की एमफिल और पीएचडी के विद्यार्थियों को मेरिट आधार पर यह फेलोशिप दी जाती है। विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने इस उपलब्धि पर बधाई दी और कहा कि यह विवि के लिए गर्व का विषय है।
विवि के विकलांगता मामलों के नोडल अधिकारी अजय श्रीवास्तव ने बताया कि इन विद्यार्थियों में राजनीति विज्ञान विभाग की दृष्टिबाधित छात्रा प्रतिभा ठाकुर, शिक्षा विभाग के मुकेश कुमार, इतिहास विभाग के राजपाल, योग विभाग के संजय भैरव और वाणिज्य विभाग के हेम सिंह शामिल हैं। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग हर वर्ष मेरिट के आधार पर देशभर से मेरिट के आधार पर 200 विद्यार्थियों को जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) के समकक्ष फेलोशिप प्रदान करता है।
एचपीयू कनाडियन स्टडीज सेंटर 28 मार्च को करेगा सेमिनार
हिमाचल प्रदेश विवि का सेंटर फॉर कनाडियन स्टडीज 28 मार्च को अंतरराष्ट्रीय सेमीनार का आयोजन करेगा। इसका शुभारंभ विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एसपी बंसल करेंगे, वहीं इसमें चंडीगढ़ में कौंसिल जनरल ऑफ कनाडा पैट्रिक हर्बट मुख्यातिथि होंगे।
इग्नू ने 31 मार्च तक बढ़ाई ऑनलाइन आवेदन, पंजीकरण की तिथि
उधर, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय मुक्त विश्वविद्यालय (इग्नू) ने जनवरी 2022 सत्र के लिए विभिन्न मास्टर डिग्री, बैचलर डिग्री, डिप्लोमा तथा सर्टिफिकेट कार्यक्रमों में प्रवेश और पंजीकरण की अंतिम तिथि को 31 मार्च तक बढ़ा दिया है। इसके अतिरिक्त इग्नू में जनवरी 2022 सत्र के लिए विभिन्न बैचलर/मास्टर डिग्री कार्यक्रमों में अगले वर्ष/सेमेस्टर में पुन: पंजीकरण की प्रक्रिया पहले से चल रही है, जिसकी अंतिम तिथि भी 31 मार्च कर दी गई है। अधिक जानकारी के लिए इग्नू के किसी भी नजदीकी अध्ययन केंद्र में संपर्क किया जा सकता है। इग्नू क्षेत्रीय केन्द्र, कसुम्पटी, शिमला के दूरभाष संख्या 0177-2624612 पर जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी।