देव आस्था, परंपरा और लोक संस्कृति के महासंगम अंतरराष्ट्रीय कुल्लू दशहरा उत्सव का शुभारंभ बुधवार को भव्य रथयात्रा के साथ हुआ। भगवान रामचंद्र के जयघोष के साथ आरंभ हुई रथयात्रा में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं हिमाचल प्रदेश में अक्तूबर के आखिरी दिनों में मौसम करवट ले सकता है। राज्य के कई भागों में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार हैं। शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र में 25 अक्तूबर से 15 नवंबर तक 22 दिवसीय खेल महाकुंभ का आयोजन किया जाएगा। उधर, संजौली हेलीपोर्ट, शिमला से रामपुर के लिए हेली टैक्सी सेवा शुरू हो गई है। यह सेवा सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी। ऊना जिले में अंब-ऊना मार्ग पर मंगलवार देर रात हुए सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। आइए जानते हैं प्रदेश की दिनभर की प्रमुख खबरों को विस्तार से।