गर्मी का मौसम शुरू होते ही नवविवाहित जोड़ों के लिए उत्तर रेलवे शिमला-कालका हेरिटेज ट्रैक पर हनीमून स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। रोमांच से भरे इस ट्रैक पर नवदंपति रोमांस का मजा ले सकते हैं। इस बार एक बोगी के पैसे भी मात्र 5110 रुपये चुकाने होंगे।
इसके लिए अंबाला कार्यालय में साधारण ई-मेल करके जानकारी देनी होगी। एक बोगी में चार जोड़े बैठ सकते हैं। हालांकि, ये आप पर निर्भर है कि किसी और जोड़े को अपने साथ ले जाना चाहते हैं या नहीं। पूरी बोगी 5110 रुपये में बुक होगी। इसमें बच्चों की एंट्री नहीं होगी।
102 टनल और 87 पुल आते हैं रास्ते में
वर्ल्ड हेरिटेज कालका-शिमला ट्रैक पर गर्मियों में सफर सबसे रोमांचक रहता है। देवदार से भरी वादियों के बीच 96 किमी लंबे सफर में 102 टनल और 87 पुलों से होते हुए रेलगाड़ी शिमला पहुंचती है। हनीमून स्पेशल इसे और भी यादगार बनाएगी। इस बार स्पेशल बोगियों का इंटीरियर बदला गया है। इन्हें बड़े मनमोहक तरीके से सजाया गया है। ई-मेल की औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सफर की तिथि दी जाएगी। यह कोच कालका से शिमला के लिए सुबह 8.30 बजे जाने वाली शिवालिक क्वीन से जुड़ेगा।
जहां से हनीमून कपल्स कालका-शिमला ट्रैक की हसीन वादियों का नजारा ले सकेंगे। यह सेवा तीन साल पहले भी शुरू हुई थी, लेकिन 7000 किराया होने के चलते डिमांड न आने से इसे बंद कर दिया था। स्टेशन अधीक्षक विनय अरोड़ा ने बताया कि हनीमून स्पेशल कोच के लिए बुकिंग शुरू हो चुकी है। हनीमून कपल्स ई-मेल के माध्यम से बुकिंग करवा सकते हैं।
यहा करें ई-मेल
नवविवाहितों को हनीमून कोच बुक करवाने के लिए भागदौड़ भी नहीं करनी पड़ेगी। इसके लिए घर बैठे रेलवे विभाग को pamcell.umb@gmail.com पर आवेदन करें। आपका आवेदन संबंधित अधिकारी के पास पहुंच जाएगा। जहां से आगामी प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
ये होंगी सुविधाएं- हनीमून कोच में आरामदेह सीट के साथ-साथ स्लीपर का प्रावधान है। इसके अलावा मोबाइल चार्जिंग, खाने पीने के लिए अलग से इंतजाम रहेंगे। सफर शुरू होने से पहले ही स्टेशन पर खाने पीने का सामान दिया जाएगा। बीच में परेशान नहीं किया जाएगा। हालांकि, स्टेशन पर अपनी मर्जी से सामान ले सकते हैं।