प्रदेश में 1079 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा जिला के कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। 124 पेयजल स्कीमों से पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ा।
हिमाचल प्रदेश में रविवार को भारी बारिश-बर्फबारी से जनजीवन अस्तव्यस्त रहा। प्रदेश में तीन एनएच समेत 557 सड़कें यातायात के लिए बाधित रहीं। एचएच 03 दारचा से सरचू, एनएच 205 ग्रांफू से लोसर और एनएच 05 शिमला-रामपुर बंद रहने के साथ-साथ परिवहन निगम के 280 रूट प्रभावित रहे। प्रदेश में 1079 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त होने से शिमला, कुल्लू, लाहौल-स्पीति, चंबा जिला के कई क्षेत्रों में बिजली गुल रही। 124 पेयजल स्कीमों से पानी की आपूर्ति न होने से लोगों को पेयजल के लिए भटकना पड़ा। चंबा जिले में अलग-अलग जगह चार कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए।
विज्ञापन
मौसम विभाग ने चौबीस घंटे में प्रदेश में मौसम शुष्क, 11 जनवरी से हिमाचल में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान जताया है। प्रदेश सरकार ने सड़कों को बहाल करने के लिए लोक निर्माण विभाग (लोनिवि) की छुट्टियां रद्द की गई हैं। अवकाश के दिन लोनिवि के जूनियर इंजीनियर, अधिशाषी अभियंता और अधीक्षण अभियंता की सेवाएं फील्ड में ली जा रही हैं। बर्फबारी और बारिश के चलते शिमला के जुब्बड़हट्टी और भुंतर में हवाई उड़ानें रद्द करनी पड़ीं। गगल एयरपोर्ट में रविवार को विमान सेवा सुचारु होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने बर्फ के साथ की मौज-मस्ती
राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर और मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रविवार को राजभवन परिसर में बर्फ के साथ मौज-मस्ती की। सीएम ने किसानों और बागवानों के लिए बर्फबारी की उपयोगिता से भी राज्यपाल को अवगत कराया।