हिमाचल दिवस पर चंबा में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने पुरस्कार प्रदान किए। इनमें तीन सिविल सेवा, चार प्रेरणा स्रोत और छह हिमाचल गौरव पुरस्कार शामिल हैं। तीन पद्मश्री अवार्डी हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किए गए हैं। देश के प्रथम मतदाता किन्नौर के कल्पा निवासी श्याम सरण नेगी को प्रेरणा स्रोत पुरस्कार दिया गया। उनका पुरस्कार यह पुत्र प्रकाश नेगी ने लिया।
टीवी शो से चर्चा में आई हारमनी ऑफ द पाइन्स हिमाचल प्रदेश पुलिस बैंड को डीजीपी के माध्यम से अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विनोद धीमान ने अवार्ड लिया। लावारिस पशुओं की मदद के लिए कार्यरत धर्मशाला की स्वयंसेवी संस्था क्रांति के अध्यक्ष धीरज महाजन और डॉ. टेक चंद भंडारी को भी प्रेरणा स्रोत अवार्ड से नवाजा।
मुख्यमंत्री ने कोविड-19 महामारी के दौरान ऑनलाइन पुस्तकालय सुविधा शुरू करने के लिए उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग और टीकाकरण अभियान में उपलब्धि के लिए किन्नौर के उपायुक्त आबिद हुसैन को सिविल सेवा पुरस्कार प्रदान किए। हिमाचल गौरव पुरस्कार से सिरमौर जिले के देवठी मझगांव के पद्मश्री विद्यानंद सरैक, चंबा रुमाल को नई बुलंदियों पर ले जाने वाली चंबा के सुराड़ा निवासी ललिता वकील, डॉ. प्रत्यूष गुलेरी, डॉ. गौतम व्यथित और विजय राज उपाध्याय को नवाजा गया।
स्वर्गीय बाबा इकबाल सिंह का पुरस्कार बडू् साहिब के डॉ. देवेंद्र सिंह ने लिया। मुख्यमंत्री सेवा संकल्प हेल्पलाइन के लिए सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के मुकेश रेप्सवाल ने पुरस्कार प्राप्त किया। डॉ. वाईएस परमार बागवानी एवं वानिकी विश्वविद्यालय की डॉ. निवेदिता शर्मा को राज्य नवाचार पुरस्कार-2022 से पुरस्कृत किया गया।
जिला कांगड़ा के डॉ. प्रत्यूष गुलेरी ने कहा कि लोगों को अपनी भाषा में बात करनी चाहिए। उन्होंने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि स्थानीय भाषाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रयोग हो, ताकि इनका संरक्षण हो सके।
जिला कांगड़ा निवासी डॉ. गौतम व्यथित का कहना है कि साहित्य के क्षेत्र में उन्हें हिमाचल गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया। इससे वे उत्साहित हैं। इससे पहले भी उन्हें सम्मान मिल चुुके हैं।
जिला बिलासपुर विजयराज उपाध्याय का कहना है कि वे इस क्षेत्र में पिछले 35 सालों से कार्य कर रहे हैं। सरकार की ओर से उन्हें इस बार हिमाचल गौरव पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।