फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपचुनाव: हिमाचल में कांग्रेस ने घोषित किए उम्मीदवार, प्रतिभा समेत इन नेताओं को मिला टिकट

Tue, 05 Oct 2021 10:02 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, शिमला

सार

हिमाचल प्रदेश में मंडी लोकसभा व तीन विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए हैं। कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी की मंजूरी के बाद पार्टी महासचिव व केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने उम्मीदवारों की सूची जारी की है। 
विज्ञापन
उपचुनाव के लिए कांग्रेस के उम्मीदवार। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

कांग्रेस हाईकमान ने मंगलवार को मंडी संसदीय सीट सहित तीन विधानसभा क्षेत्रों में उपचुनाव के लिए प्रत्याशियों के नामों की घोषणा कर दी। पार्टी की कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी ने चारों प्रत्याशियों पर मुहर लगाते हुए मंडी से प्रतिभा वीरभद्र सिंह, अर्की से संजय अवस्थी, जुब्बल कोटखाई से रोहित ठाकुर और फतेहपुर से भवानी सिंह को उम्मीदवार घोषित किया। मंडी से सहानुभूति भुनाने के लिए पार्टी हाईकमान ने पहली बार प्रतिभा सिंह के नाम के साथ वीरभद्र जोड़ा है। इसके साथ ही प्रदेश में चुनावी शोरगुल शुरू हो गया। हाईकमान ने अर्की से ब्राह्मण और अन्य तीनों सीटों पर राजपूत प्रत्याशी चुनाव मैदान में उतारे हैं। अब भाजपा भी एक-दो दिन में प्रत्याशियों का एलान करेगी।

विज्ञापन


ये भी पढ़ें: संसदीय बोर्ड छह अक्तूबर को तय करेगा भाजपा के चारों टिकट, पैनल मे फिर बदलाव

अखिल भारतीय कांग्रेस के महासचिव और कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति के प्रभारी मुकुल वासनिक ने चारों प्रत्याशियों के नामों की सूची जारी कर दी है। मंडी संसदीय क्षेत्र से पूर्व मुख्यमंत्री दिवंगत वीरभद्र सिंह की पत्नी और पूर्व सांसद प्रतिभा वीरभद्र सिंह लोकसभा उपचुनाव लड़ेंगी। यह सीट भाजपा सांसद रामस्वरूप शर्मा के निधन से खाली हुई है। प्रतिभा सिंह पहले भी इस सीट से सांसद रही हैं। वहीं, अर्की विधानसभा सीट से संजय अवस्थी को कांग्रेस ने उतारा है। यह सीट पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र के निधन के बाद रिक्त हुई है।वहीं, जुब्बल कोटखाई से पूर्व विधायक रोहित ठाकुर को उपचुनाव लड़ाया जा रहा है। इससे पहले वह इस सीट पर चुनाव लड़े थे, लेकिन भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा से चुनाव हार गए थे। यह सीट बरागटा के निधन से खाली हुई है।
विज्ञापन


ये भी पढ़ें: हिमाचल: प्रदेश में छह अक्तूबर से मौसम साफ, जल्द विदा होगा मानसून

फतेहपुर से कांग्रेस ने भवानी सिंह को मैदान में उतारा है। यह सीट भवानी सिंह के पिता कांग्रेस विधायक सुजान सिंह पठानिया के निधन के बाद रिक्त हुई है। 8 अक्तूबर को मंडी में प्रतिभा सिंह नामांकन पत्र भरेंगी। इस दौरान प्रभारी राजीव शुक्ला, सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष राठौर, नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मौजूद रहेंगे। इससे पहले 7 अक्तूबर को जुब्बल-कोटखाई में रोहित ठाकुर, फतेहपुर में भवानी सिंह और अर्की में संजय अवस्थी नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। इन तीनों सीटों पर एक-एक वरिष्ठ नेता सह प्रभारी संजय दत्त, प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप राठौर और नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री मौजूद रहेंगे। 

उपचुनाव के लिए कांग्रेस तैयार: राठाैर
वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर ने कहा है कि प्रदेश में होने जा रहे उपचुनाव के लिए कांग्रेस पूरी तरह तैयार और एकजुट है। भाजपा अंतर्कलह से ग्रस्त प्रत्याशियों को लेकर अभी तक माथापच्ची कर रही है। राठौर ने कहा कि महंगाई और बेरोजगारी सबसे बड़ा मुद्दा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वह कांग्रेस के समय और अपने इस समय की खाद्य और अन्य वस्तुओं, तेल, पेट्रोल, डीजल के मूल्यों की सूची को जारी करें। सरकार न तो कभी बेरोजगारी की कोई बात करती है, न ही महंगाई की। सरकारी नौकरियों में बाहरी लोगों की नियुक्तियों से प्रदेश के बेरोजगारों के साथ एक बड़ा धोखा किया जा रहा है।

प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में भाजपा की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। प्रदेश में नगर निकाय चुनावों से लेकर जिला परिषद, प्रदेश विवि में गैर शिक्षक कर्मचारी, अधिकारी और अन्य संगठनों के चुनाव में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने शानदार जीत हासिल की है। इससे साफ है कि प्रदेश में सत्ता परिवर्तन और सरकार बदलाव की लहर चल पड़ी है। प्रदेश में चार उपचुनावों से कांग्रेस का जीत का सिलसिला शुरू होगा, जो अगले साल 2022 में विधानसभा चुनावों में भी जारी रहेगा।

फतेहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी का प्रोफाइल

भवानी सिंह पठानिया - फोटो : अमर उजाला
नाम : भवानी सिंह पठानिया
आयु : 47 वर्ष
जन्म स्थल : धर्मशाला
शिक्षा : बीकॉम, एमबीए
अनुभव : 1998 में बलसारा कंपनी में मैनेजमेंट ट्रेनी से करियर शुरू किया
जीई, एसबीआई, पीएनबी मेटलाइफ, आईसीआईसीआई ग्रुप में 23 वर्ष का अनुभव
इस साल पिता की मृत्यु के बाद आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल में एक्जीक्यूटिव वाइस प्रेजिडेंट के पद से इस्तीफा देकर राजनीति में आए 
नौकरी के साथ पिता के चुनाव में पिछले 20 साल से सक्रिय थे

संजय अवस्थी

कांग्रेस के अर्की से प्रत्याशी संजय अवस्थी। - फोटो : अमर उजाला
नाम : संजय अवस्थी
जन्म तिथि : 07 अक्तूबर 1963
जन्म स्थान : सोलन
शिक्षा : एमए, हिमाचल प्रदेश विवि
राजनीतिक पद : प्रदेश कांग्रेस महासचिव 
खेल : रणजी ट्रॉफी खिलाड़ी(1989-90 तक) 
निवास : गाहर, पीओ बातल, तहसील अर्की, जिला सोलन। 
परिवार : सामान्य 

समधी महेश्वर से पहला चुनाव हारी थीं प्रतिभा

कांग्रेस प्रत्याशी प्रतिभा सिंह(फाइल) - फोटो : अमर उजाला
प्रतिभा सिंह 1998 में सक्रिय राजनीति में आई थीं। पहला चुनाव इसी संसदीय क्षेत्र से लड़ा था, जब भाजपा के महेश्वर सिंह ने उन्हें करीब सवा लाख मतों से पराजित किया था। महेश्वर सिंह उनके समधी हैं। 1998 में केंद्र में अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व में एनडीए की सरकार बनी थी। सरकार 13 माह ही चल पाई थी। 1999 में लोकसभा का दोबारा चुनाव हुआ था। प्रतिभा सिंह ने यह चुनाव नहीं लड़ा था। 2004 के आम लोकसभा चुनाव में उन्होंने दूसरी बार अपनी किस्मत आजमाई थी। समधी महेश्वर सिंह से 1998 की हार का बदला लेकर वह पहली बार लोकसभा सदस्य निर्वाचित हुई थीं। 2009 का लोकसभा चुनाव उनके वीरभद्र सिंह ने लड़ा था।

2012 में प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद वीरभद्र सिंह ने लोकसभा से त्यागपत्र दे दिया था। 2013 में उपचुनाव हुआ तो प्रतिभा तीसरी बार मैदान में उतरीं। वर्तमान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को करीब 1.39 लाख मतों से शिकस्त देकर दूसरी बार संसद सदस्य निर्वाचित हुई थीं। इसके साल भर बाद 2014 में लोकसभा चुनाव हुआ था। मोदी लहर में भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने उन्हें 39 हजार से अधिक मतों से पराजित किया था। प्रदेश में उस समय कांग्रेस सरकार थी। प्रतिभा सिंह की हार से सब दंग रह गए थे। करीब सात साल बाद प्रतिभा सिंह दोबारा चुनावी अखाड़े में उतरी हैं।
विज्ञापन

रोहित ठाकुर

कांग्रेस प्रत्याशी रोहित ठाकुर - फोटो : अमर उजाला
रोहित ठाकुर का जन्म 14 अगस्त 1974 को हुआ। रोहित जुब्बल-कोटखाई क्षेत्र की जुब्बल तहसील की ग्राम पंचायत धार के  पौटा गांव के निवासी हैं। उन्होंने स्नातक तक की शिक्षा प्राप्त की। राजनीति रोहित ठाकुर को अपने दादा पूर्व मुख्यमंत्री ठाकुर रामलाल से विरासत में मिली। वर्ष 2002 में दादा के निधन के बाद रोहित ठाकुर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की। रोहित ने पहली बार वर्ष 2003 में चुनाव लड़ा और जीत प्राप्त की।

उस वक्त उनकी 27 साल की उम्र थी। इससे पूर्व युवा कांग्रेस में सक्रिय थे। इसके बाद 2012 में चुनाव जीता। वीरभद्र सरकार में रोहित ठाकुर मुख्य संसदीय सचिव भी रह चुके हैं। रोहित ठाकुर को अब तक अपने राजनीतिक जीवन में दो बार जीत और दो बार हार का सामना करना पड़ा है। कांग्रेस के टिकट पर उनका मुकाबला हमेशा भाजपा नेता नरेंद्र बरागटा से ही रहा। उन्होंने डीएवी कॉलेज चंडीगढ़ से बीए राजनीति विज्ञान की शिक्षा ग्रहण की। 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें