केंद्रीय हाटी समिति के पदाधिकारी बोले, अब टूट चुका है सब्र का बांध
जिला मुख्यालय नाहन में मंगलवार को हुई हाटी समुदाय की आक्रोश रैली में ट्रांसगिरि इलाके के हजारों लोगों ने शिरकत की। कुछेक महिलाएं अपनी पारंपरिक वेशभूषा में नजर आईं। पढ़े-लिखे युवा सबसे ज्यादा इस रैली में दिखे। ढोल नगाड़ों की थाप पर युवाओं ने अपने हक के लिए आवाज बुलंद की। चौगान मैदान में उपायुक्त कार्यालय पहुंची आक्रोश रैली के बीच कहीं महिलाएं नारेबाजी करते दिखीं तो कहीं युवा और युवतियां। लोगों ने एसटी अधिनियम लागू कर प्रमाणपत्र जारी करने के साथ साथ सरकार के खिलाफ भी हल्ला बोला।
केंद्रीय हाटी समिति के कानूनी सलाहकार सुरेंद्र हिंदुस्तानी ने आक्रोश रैली के दौरान सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम दिया। यदि फिर भी सरकार एसटी अधिनियम को लागू नहीं करती तो इसके बाद प्रदेश सचिवालय के बाहर प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि अब हाटियों के सब्र का बांध टूट गया है। इस आंदोलन की शुरुआत हो चुकी है। जब तक उनका हक नहीं मिल जाता, जिसके लिए उन्होंने 56 वर्ष लंबा संघर्ष किया, तब तक ये आंदोलन चलता रहेगा। चाहे इसके लिए हाटी समुदाय को किसी भी हद तक क्यों न जाना पड़े।
सुक्खू मामा मानदा नी, हाटी री बात सुनदा नी
आक्रोश रैली के दौरान कुछेक युवाओं ने सुक्खू मामा मानदा नी, हाटी री बात सुनदा नी... का नारा लगाया। इसके साथ ही जय हाटी, जय माटी, हाटी एकता जिंदाबाद, हाटी अपना हक मांगते, नहीं किसी से भीख मांगते के अलावा सरकार के खिलाफ भी खूब नारे लगे।