हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में पुलिस थाना बड़सर के तहत भकरेड़ी गांव में अगवा युवती को ढूंढ रही साठ वर्षीय महिला पर ट्रक चढ़ाकर चालक ने उसकी हत्या कर दी। मृतक महिला अगवा की गई युवती की रिश्ते में ताई थी। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ अपहरण और हत्या के आरोप में थाना बड़सर में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार बुधवार आधी रात करीब 12 बजे भकरेड़ी क्षेत्र की एक युवती को घुमारवीं का ट्रक चालक कैफ उर्फ गोलू ट्रक में बैठाकर ले गया। वह अंब की तरफ सीमेंट लेकर जा रहा था। भकरेड़ी से होकर ही वह निकला और युवती को ट्रक में ले गया। कुछ दूरी पर पहुंचने के बाद ट्रक चालक उसने युवती को वापस उसके गांव में छोड़ने का मन बनाया। इस दौरान बड़सर से कुछ दूरी पर ही इसके गांव का एक अन्य ट्रक चालक ऊना की ओर से बड़सर आ रहा था। अपहरण करने वाले ट्रक चालक ने दूसरे ट्रक में उस लड़की को वापस भेज दिया।
लेकिन जैसे ही वह ट्रक चालक हसन मोहम्मद निवासी गांव छत तहसील घुमारवीं लाइट जलाकर लड़की को उतारने लगा तो वहां पर पहले से लड़की की तलाश में पहुंचे ग्रामीणों ने उसे घेर लिया। चालक ने ट्रक दौड़ाया और नजीरा (60) वर्ष ट्रक की चपेट में आ गई। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। बाद में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हमीरपुर विजय सकलानी का कहना है कि अपहरण और हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन जारी है। दूसरे चालक को भी थाने बुलाया गया है।