हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू की पार्वती घाटी के कालगा-खीरगंगा ट्रैकिंग रूट पर रास्ता भटकने वाले दिल्ली के चार पर्यटकों को सुरक्षित बचाया गया गया है। ये सैलानी सोमवार को पार्वती घाटी के कालगा से खीरगंगा ट्रैक रूट पर निकले थे। रास्ता भटकने पर इन्होंने इसकी सूचना कसोल में जिस होटल में रुके थे, उसके मालिक को फोन पर दी। वहां से मणिकर्ण पुलिस को सूचना देकर मदद मांगी गई। इसके बाद मणिकर्ण पुलिस का दल टीम लिटल रेविल एडवेंचर एंड रेस्क्यू टीम के चार सदस्यों को लेकर तलाशी अभियान के लिए निकला।
बताया जा रहा है कि सभी सैलानी कालगा से आगे एक घने जंगल में फंस गए थे। बचाए गए पर्यटकों ने पुलिस को बताया कि वे दिल्ली से 30 अप्रैल को घूमने के लिए मणिकर्ण पहुंचे थे। दिल्ली निवासी सुनील कुमार पुत्र तुषार, बेटी प्रीतिका और शशांक खीरगंगा की तरफ निकल गए और जंगल में उन्हें रास्ता नहीं मिला। रात होने पर उन्होंने होटल मालिक से मदद मांगी थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुल्लू सागर चंद्र ने कहा कि कालगा-खीरगंगा ट्रैक रूट से चार पर्यटकों को रेस्क्यू कर मणिकर्ण पहुंचाया गया है।