बर्फबारी के पूर्वानुमान से एडवांस बुकिंग शुरू
ओमिक्रॉन के खतरे से बंदिशें लगने का भी डर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। वीकेंड पर हिल्सक्वीन शिमला एक बार फिर सैलानियों से गुलजार होने की उम्मीद है। बर्फबारी के पूर्वानुमान के बाद शहर के होटलों में इनक्वायरी बढ़ गई है। सैलानियों ने एडवांस बुकिंग करवानी भी शुरू कर दी है। हालांकि कोरोना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन के खतरे के मद्देनजर बंदिशें लगने का भी पर्यटन कारोबारियों को डर सता रहा है।
मौसम विभाग ने मंगलवार से मौसम के रुख में बदलाव और बुधवार को बर्फबारी होने की संभावना जताई है। बर्फ का लुत्फ उठाने के लिए इस वीकेंड पर बड़ी संख्या में सैलानी शिमला का रुख कर सकते हैं। शहर के होटलों में इनक्वायरी बढ़ गई है। रोजाना बड़ी संख्या में होटल संचालकों और ट्रेवल एजेंट्स को कमरों और गाड़ियों की बुकिंग को लेकर फोन आ रहे हैं। बुकिंग कन्फर्म भी हो रही है। सैलानियों की आमद बढ़ने से जहां पर्यटन कारोबार बढ़ने की उम्मीद है वहीं देश में तेजी से बढ़ रहे ओमिक्रॉन के मामले चिंता भी बढ़ा रहे हैं। आज प्रदेश सरकार की मंत्रिमंडल की बैठक हैं। बैठक में कोरोना से बचाव के लिए बंदिशें लगाने पर फैसला हो सकता है। यदि सरकार बंदिशें लगाती है तो सैलानियों की आमद पर इसका सीधा असर पड़ेगा।
क्या कहते हैं पर्यटन कारोबारी
टूरिज्म इंडस्ट्री स्टेक होल्डर्स एसोसिएशन के मुख्य सलाहकार गोपाल अग्रवाल ने बताया कि इस वीकेंड पर बर्फबारी की संभावना के चलते एडवांस बुकिंग आनी शुरू हो गई है, अगर कोरोना को लेकर बंदिशें लगाईं तो सैलानियों की आमद में फर्क पड़ेगा। शिमला होटिलियर एसोसिएशन के उपाध्यक्ष प्रिंस कुकरेजा ने बताया कि इस वीकेंड के लिए काफी इन्क्वायरी आ रही है। बर्फबारी हुई तो भारी संख्या में सैलानी शिमला पहुंचेंगे। ट्रेवल एजेंट्स एसोसिएशन शिमला के महासचिव मनु सूद ने कहा कि बर्फबारी का पूर्वानुमान है। जनवरी के पूरे महीने शिमला में सैलानियों की आमद जारी रहने की उम्मीद है।