कोरोना संकट के बीच प्रदेश के सरकारी स्कूलों में परीक्षाएं करवाने के लिए नया प्रयोग किया जा रहा है। नवीं से 12वीं कक्षा की 7 से 13 सितंबर तक ऑनलाइन परीक्षाएं ली जाएंगी। दो घंटे की परीक्षाओं की डेट शीट शनिवार को जारी कर दी गई है। विद्यार्थियों को वेबसाइट से माध्यम से प्रश्नपत्र मिलेंगे। गूगल मीट से परीक्षा के दौरान विद्यार्थियों पर शिक्षक नजर रखेंगे। घर बैठे परीक्षा में नकल न हो, इसके लिए अभिभावकों को भी निगरानी की जिम्मेवारी सौंपी गई है। दो घंटे के भीतर पेपर पूरा करने के बाद विद्यार्थियों को व्हाट्सअप पर फोटो खिंचकर आंसरशीट देनी होगी।
स्मार्ट फोन से वंचित और मोबाइल फोन के कमजोर सिग्नल से जूझने वाले विद्यार्थियों को शिक्षक घरों में जाकर प्रश्नपत्र उपलब्ध करवाएंगे। 17 सितंबर तक अभिभावकों को आंसरशीट की हार्ड कॉपी स्कूलों में पहुंचानी होगी। नजदीकी शिक्षक को भी आंसरशीट दी जा सकेगी। 18 से 26 सितंबर तक आंसरशीट की जांच पूरी कर परीक्षा परिणाम तैयार किया जाएगा। नवंबर के पहले हफ्ते में सेकेंड टर्म की परीक्षाएं ली जाएंगी। शनिवार को उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने परीक्षाओं के सफल संचालन के लिए निर्देश जारी कर दिए हैं।