अभिभावकों, छात्रों, शिक्षकों और जनसाधारण से आने वाले सुझावों को लेकर शिक्षा मंत्री की अध्यक्षता में दो सितंबर को ऑनलाइन बैठक होगी। इसमें शिक्षा निदेशकों सहित जिला और उपमंडल स्तर के सभी स्कूल प्रमुखों और शिक्षा बोर्ड की ओर से गठित समिति के सदस्यों व विषय विशेषज्ञों के साथ चर्चा की जाएगी।
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने कुछ विषयों पर किया प्रैक्टिकल
स्कूल शिक्षा बोर्ड ने पाठ्यक्रम को तीस फीसदी घटाकर और प्रश्नपत्रों में तीस फीसदी अधिक विकल्प देने का कुछ विषयों पर प्रैक्टिकल भी किया है। इसमें दसवीं कक्षा के अंग्रेजी और गणित तथा जमा दो कक्षा के अंग्रेजी, फिजिक्स और बिजनेस स्टडी विषय को शामिल किया है। इन पांचों विषयों का बोर्ड ने पाठ्यक्रम 30 फीसदी घटाकर और पूरे सिलेबस के आधार पर 30 फीसदी अधिक वैकल्पिक प्रश्नों के साथ तैयार प्रश्नपत्रों को बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड किया है। इसे डाउनलोड करने के बाद लोग अपने सुझाव तैयार कर सकते हैं।
सरकारी स्कूलों में नवीं से जमा दो कक्षा की पढ़ने वाले विद्यार्थियों को अब घर बैठे पढ़ाई करवाने के साथ ही करियर शिक्षण और परामर्श की जानकारी भी दी जाएगी। शिक्षा विभाग ने करियर काउंसलिंग करने के लिए समग्र करियर ऑनलाइन प्रोग्राम शुरू किया है। हर शुक्रवार और शनिवार को वेबसाइट पर परामर्श संबंधित वीडियो अपलोड किए जाएंगे।
समग्र शिक्षा अभियान के राज्य परियोजना निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि कोविड महामारी के दौरान हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में शिक्षा चलती रहे।
इसके लिए यह कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस कार्यक्रम में अब करियर काउंसलिंग के लिए समग्र करियर ऑनलाइन प्रोग्राम आरंभ किया जा रहा है। नवीं से बारहवीं कक्षा के विद्यार्थियों को घर बैठे करियर शिक्षण एवं परामर्श प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, उनके शिक्षक और परिजन शंकाएं दूर करने के लिए amagracareerhp@gmail.com पर ईमेल कर सकते हैं।