शिमला शहरवासियों को इस साल नवरात्र पर व्रत रखना और पूजा पाठ करना महंगा पड़ने वाला है। नवरात्र के पर्व में पूजा पाठ और व्रत में इस्तेमाल होने वाले सामान के रेट एक साल में ही दोगुना हो गए हैं। सबसे ज्यादा ड्राई फ्रूट्स के रेट बढ़े हैं। बादाम की कीमतों में पिछले साल के मुकाबले 57 फीसदी तक की बढ़ोतरी हुई है। वहीं मुनक्का की कीमतें 117 बढ़ चुकी हैं। शहर के बाजारों में अभी से इनकी खरीदारी शुरू हो गई है। कारोबारियों के अनुसार पूजा में इस्तेमाल होने वाले धूप, हवन सामग्री, चुनरी आदि के रेट लगभग स्थिर हैं।बीते साल कोरोना के चलते मंदिर बंद थे। ऐसे में इनकी बिक्री कम हुई। ज्यादातर कारोबारियों के पास पिछला स्टॉक बचा है, जो इस बार बेच रहे हैं।
व्रत में इस्तेमाल होने वाला खाने पीने का सामान महंगा हुआ है। व्रत में इस्तेमाल होने वाले सामंक के चावल, कुड्डू का आटा आदि के रेट इस बार बढ़ गए हैं। यही नहीं, शिमला शहर के बाजारों में भी इस सामान के अलग-अलग रेट हैं। गंज बाजार में सबसे कम रेट हैं तो लोअर बाजार और उपनगरों के रेट 20 से 30 रुपये प्रति किलो ज्यादा है। सरसों तेल बीते साल 130 से 150 रुपये प्रति लीटर बिक रहा था जबकि इस बार इसके रेट 230 रुपये प्रति लीटर तक पहुंच गए हैं। कारोबारियों के अनुसार थोक में पी मार्का सरसों तेल 198 रुपये प्रति लीटर मिल रहा है। कई जगह तो प्रिंट रेट 250 रुपये भी आ गया है। बाजार में यह तेल 230 रुपये तक बिक रहा है।
सप्लाई घटने से बढ़ी कीमतें
गंज बाजार के कारोबारी संजीव ठाकुर ने बताया कि ड्राई फ्रूट्स की कीमतों में भारी उछाल आया है। अफगानिस्तान से इनकी सप्लाई न मिलने से रेट बढ़े हैं। व्रत का सामान भी महंगा हुआ है। अनाज मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष दीपक श्रीधर ने बताया कि बीते साल की तुलना में इस बार सामान कुछ महंगा है।
किसके दाम कितने बढ़े
सामान अक्तूबर 2020 में रेट अक्तूबर 2021 में रेट
व्रत के चावल 80-100 रुपये 130-180
कुड्डू का आटा 90-100 रुपये 120-160
साबूदाना 100 रुपये 100-120
सरसों तेल 130-150 रुपये 210-230
नारियल (गरी) 200 240-300
ड्राई फ्रूट्स
बादाम 650-700 रुपये 900-1100
अंजीर 750-800 रुपये 1000-1100
मुनक्का 400-600 रुपये 1200-1300
(नोट : रेट प्रतिकिलो के आधार पर दर्शाए गए हैं)