हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर से दो जून को धर्मशाला विजिलेंस थाने में पूछताछ होगी।
विजिलेंस के अनुसार अनुराग ठाकुर से दो जून को दो अलग अलग मामलों में पूछताछ होगी। इनमें होटल पेवेलियन निर्माण के लिए बिना अनुमति पेड़ काटने और सरकारी भवन गिराने के मामले शामिल हैं।
हालांकि विजिलेंस ने भवन गिराने के मामले में ही नोटिस जारी किया है। विजिलेंस की धर्मशाला टीम ने मंगलवार को अनुराग ठाकुर को नोटिस जारी कर पूछताछ के लिए बुलाया है।
दोनों मामलों की जांच अंतिम चरण में
विजिलेंस का दावा है कि इन दोनों मामलों की जांच अब अंतिम चरण में है। सूत्रों के अनुसार अनुराग ठाकुर से पूछताछ के बाद कभी भी ड्राफ्ट चार्जशीट सरकार को भेज दी जाएगी।
सरकार से मंजूरी मिलने के बाद चालान पेश किया जाएगा। गौरतलब है कि एचपीसीए से जुड़े ये दोनों मामले कांग्रेस चार्जशीट का हिस्सा हैं। कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद विजिलेंस ने चार्जशीट के आधार पर इनकी जांच शुरू की थी।
एडीजीपी विजिलेंस पृथ्वीराज ने बताया कि मंगलवार को अनुराग ठाकुर के खिलाफ नोटिस जारी किया है। उन्होंने बताया कि 2 जून को उनसे पूछताछ होगी।
नहीं मिली सेटेलाइट इमेज
पेड़ गिराने के मामले में विजिलेंस ने फोरेस्ट सर्वे आफ इंडिया देहरादून से सेटेलाइट इमेज मांगी थी। लेकिन एफएसआई ने यह कहकर सेटेलाइट इमेज देने से इंकार कर दिया है कि उनके पास इतने छोटे एरिया की सेटेलाइट इमेज नहीं है।
ऐसे में अब विजिलेंस को पेड़ गिराने के मामले में यह साबित करना मुश्किल हो रहा है कि होटल निर्माण के लिए हजारों की संख्या में पेड़ काटे गए है।
इस मामले में वन और रेवेन्यू विभाग की एनओसी के बाद ही होटल का निर्माण किया गया था।
धूमल के जवाबों को खंगाल रही टीम
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को भी विजिलेंस ने भवन गिराने वाले मामले में प्रश्नावली भेजी थी।
पूर्व मुख्यमंत्री ने विजिलेंस के सवालों का जवाब दे दिया है। धर्मशाला विजिलेंस की टीम धूमल के जवाबों को खंगाल रही है और कानूनी पक्ष ले रही है।
इसके बाद तय होगा कि उक्त मामले में पूर्व मुख्यमंत्री आरोपी बन सकते हैं या नहीं?