हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में पुलिस कांस्टेबल पर हमला करने वाले आरोपी को पुलिस ने लॉकअप में इस कदर पीटा कि उसकी जान पर बन आई है।
आरोपी फिरोज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईजीएमसी अस्पताल रेफर किया गया है। युवक के पिता ने राज्यपाल, मुख्यमंत्री, केंद्रीय गृह, गृह सचिव और मानवाधिकार आयोग को इसकी शिकायत भेजी है।
उन्होंने मामले की सीबीआई से जांच करवाने की मांग भी की है। उन्होंने एसपी और जांच अधिकारी के खिलाफ भी आरोप लगाए हैं। उधर, पुलिस ने निष्पक्षता की बात कही है। एसपी और आईओ के खिलाफ की गई शिकायत पर भी थाना में केस दर्ज किया गया है।
आईजी को पत्र लिखकर जिला से बाहर के पुलिस अधिकारी से जांच करवाने की मांग की है। जबकि संबंधित थाना के एचएचओ को लाइन के लिए स्थानांतरित किया गया है।
कुछ दिन पहले लुहणू में पुलिस कांस्टेबल पर हमला हुआ था। बेसबॉल से उसके सिर पर प्रहार किया गया। बुरी तरह से जख्मी हुए कांस्टेबल महेंद्र को अस्पताल में भर्ती रहना पड़ा। फिरोज के पिता जुल्फीकार भुट्टो ने पत्रकार वार्ता में आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके बेटे की पिटाई की है।।
बुरी तरह से उसके साथ मारपीट की गई। शाम लगभग चार बजे जब उसे मेडिकल के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया तो उसे चिकित्सकों ने दाखिल कर दिया। पुलिस की मार की वजह से उसकी हालत बुरी तरह से बिगड़ी हुई है।