एक शख्स को अपने दोस्त और पत्नी के बीच अवैध संबंध होने का शक था। इसी बात को लेकर दोनों में विवाद हुआ और इसके बाद आरोपी ने दोस्त को मौत के घाट उतार दिया। मामला हिमाचल शिमला जिला के रामपुर क्षेत्र का है।
पुलिस थाने से लगभग दो किलोमीटर दूर चूहाबाग के पास बिहारी मूल के एक युवक ने नेपाली युवक की हत्या कर दी। युवक ने हत्या के बाद शव को सतलुज नदी में फेंक दिया।
पुलिस ने हत्या का मुकद्दमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पुलिस शव की खोजबीन में जुट गई है। वारदात तीन अक्तूबर की है।
पुलिस के अनुसार बिहार निवासी 22 वर्षीय रमेश कुमार और नेपाल निवासी कुल प्रसाद चूहाबाग में इकट्ठे बैठे हुए थे। इसी बीच दोनों में कहासुनी हो गई और बात-बात में मामला इतना आगे बढ़ गया कि रमेश कुमार ने कुल प्रसाद की हत्या कर दी।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ने मृतक के शव को सतलुज नदी में फेंक दिया। स्थानीय व्यक्ति जसवंत सिंह ने पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई। जांच के दौरान बिहारी मूल के रमेश कुमार को शक के आधार पर हिरासत में लिया गया है।