धुसाड़ा बाजार में एक बेकाबू ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर दुकान में जा घुसा। हादसे के दौरान दुकान के पास खड़ा दुकानदार बुरी तरह से जख्मी हो गया। उसे घायलावस्था में क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया, जहां घायल का उपचार जारी है।
गनीमत यह रही कि हादसा रात के वक्त हुआ, अन्यथा नुकसान ज्यादा हो सकता था। हादसे में दो दुकानों को काफी नुकसान होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार वीरवार रात दस बजे के करीब धुसाड़ा निवासी गुरदेव सिंह अपनी दुकान में ताला लगा रहे थे कि इसी दौरान ऊना की तरफ से आ रहा एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर बेकाबू होकर दुकानों में जा घुसा।
इससे गुरदेव ट्रैक्टर के नीचे दब गया और बुरी तरह से जख्मी हो गया, उसे फौरन स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला और क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया।
हादसे में दो दुकानों की दीवारों एवं शटरों को भारी क्षति पहुंची है। अंब थाना के एसएचओ ओम प्रकाश ने बताया कि ट्रैक्टर चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।