फर्जी कंपनी चार दर्जन से अधिक किसानों से 30 लाख रुपये ठगकर फरार हो गई।
- फोटो : demo pic
हिमाचल के पांवटा तहसील में फर्जी कंपनी चार दर्जन से अधिक किसानों से 30 लाख रुपये ठगकर फरार हो गई है। यह ठगी सागवान और नींबू पौध योजना के नाम पर की गई है। शिकायतकर्ता राजेश कुमार, भोला राम, चमेल सिंह, महिंद्र सिंह, दिलबाग सिंह व संजीव कुमार ने शिकायत में कहा है कि जनवरी 2016 में एचवीपी नाम की कंपनी के अधिकारी बताकर कुछ लोग उनके गांव में पहुंचे।
उन्होंने अपना नाम सुमनपाल, सोनू शर्मा और मनोज शर्मा बताया। कंपनी का अस्थायी दफ्तर भूपपुर महाराणा प्रताप चौक के समीप एक पीजी में बताया। कहा गया कि कंपनी करोड़ों रुपये का टैक्स बचाने के लिए योजना चला रही है। इसमें उत्तराखंड, हिमाचल और पंजाब के किसानों को नींबू और सागवान के पौधे दिए जाएंगे। 500 सागवान पौधों के लिए 50 हजार राशि ली जाएगी।
कोर्ट में 8 वर्ष 2 माह का एग्रीमेंट बनेगा। एग्रीमेंट बनने के साथ ही किसानों को 5 लाख का चेक मौके पर दिया जाएगा। किसान इनके झांसे में आ गए और 50 हजार से एक लाख तक के चेक कंपनी के नाम बनाकर जमा करवा दिए। जब किसानों को एक भी पौधा नहीं मिला तो ये बताए गए पीजी में पहुंच गए। यहां पता लगा कि कंपनी फर्जी थी। डीएसपी पांवटा भीष्म ठाकुर ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि फर्जीवाड़ा करने वालों की तलाश की जा रही है।