पुलिस के अनुसार हरजिंदर पाल और गिरफ्तार मुख्य आरोपी बद्दी निवासी रमेश धवन और उसके बेटे विजय धवन में जमीन को लेकर विवाद था। रविवार को ही दोनों पक्षों को थाने बुलाया था। जमीन की निशानदेही तक समझौता भी हो गया था।
देर रात हरजिंदर के नौकर और आरोपियों में बहस हो गई। इसी बीच हरजिंदर मौके पर पहुंच गया और उसने नौकर को वहां से भेज दिया। विवाद बढ़ गया और पिता-पुत्र समेत आधा दर्जन लोगों ने हरजिंदर पर व्हील पानों और तेजधार हथियारों से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार हमले में बेहोश हरजिंदर पर दो बार गाड़ी भी चढ़ाई गई जिससे उसकी मौत हो गई। हत्यारोपी घटना को अंजाम देकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत ही हरजिंदर को बद्दी अस्पताल ले गई जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उसके शरीर पर कट के भी निशान मिले हैं।
तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी के पुत्र विजय को धर दबोचा, जबकि फरार हुए मुख्यारोपी रमेश को हरियाणा बार्डर परवाणू से गिरफ्तार किया है। पुलिस अन्य फरार आधा दर्जन आरोपियों की तलाश में जुटी है जो पंजाब के बताए जा रहे हैं।
मुख्य आरोपी भी मूल रूप से पंजाब के हैं, लेकिन पिछले 25 सालों से बद्दी में रह रहा है। डीएसपी बद्दी खजाना राम ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। मुख्य आरोपी पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया जा चुका है। अन्य आरोपी भी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।
हत्याकांड के बाद देर रात को ही गुस्साए लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस के खिलाफ करीब 4 घंटों तक नारेबाजी की और पुलिस कर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को शांत किया। इस दौरान दून के पूर्व विधायक और मृतक के चचेरे भाई राम कुमार भी मौके पर पहुंच गए थे। सोमवार को पोस्टमार्टम के दौरान भी माहौल तनावपूर्ण रहा।
डीएसपी बद्दी खजाना राम ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है।मामले में मुख्यारोपी पिता व पुत्र को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिन्हें अदालत में पेश किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अन्य आरोपी भी जल्द सलाखों के पीछे होंगे। उन्होंने बताया कि पिता व पुत्र के अलावा अन्य पर भी मामला दर्ज किया गया है।