पतलीकूहल क्षेत्र में अवैध कटान रोकने गए एक निहत्थे वन रक्षक पर वन काटुओं ने हमला कर दिया। मंगलवार दिन के समय की वारदात में वन रक्षक की बाजू में चोटें आई हैं। दूसरे वनरक्षक के मौके पर पहुंचने पर वन काटू मौके से फरार हो गए।
हमलावरों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर केस दर्ज कर लिया है। वन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर के गृह विधानसभा क्षेत्र में इस घटना से हड़कंप मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पतलीकूहल क्षेत्र के नथान बीट में वन विभाग की एक टीम मंगलवार दोपहर को गश्त कर रही थी। इस बीच फिथीकर्ग जंगल में वनरक्षक विकास चंद निवासी चौंग जिला कुल्लू ने तीन-चार लोगों को अवैध वन कटान करते देखा। वहां पर एक देवदार का पेड़ कटा हुआ पाया गया।
मौके पर एक स्थानीय ग्रामीण व तीन-चार कश्मीरी लोग भी पाए गए। इनमें से एक व्यक्ति ने वनरक्षक पर हमला कर दिया। जमीन पर गिरे वन रक्षक पर बाकी साथी भी हमला करने वाले थे, लेकिन एक अन्य वन रक्षक के मौके पर पहुंचने से वन काटुओं को भागना पड़ा।