हिमाचल के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में एफडी और आरडी करवाकर रकम पर मोटा ब्याज देने का झांसा देकर करोड़ों रुपये एकत्रित कर एक फाइनांस कंपनी के संचालक फरार हो गए हैं। कार्यालय बंद कर कंपनी के कर्ताधर्ता गायब हो गए हैं। पांवटा क्षेत्र में कंपनी ने 700 से अधिक लोगों को चूना लगाया है। सोमवार को डीएसपी कार्यालय पहुंचकर लोगों ने इसकी शिकायत की।
ठगी के शिकार लोगों ने लिखित शिकायत राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, राज्यपाल तथा डीएसपी पांवटा को भेजी है। पांवटा साहिब क्षेत्र निवासी चतर सिह तोमर, सीता राम, विवेक चौहान, पूनम देवी, राजेश शर्मा, दया राम, बुद्धि प्रकाश, हेमंत कुमार, राजेश कुमार, सरदार सिंह, विवेक चौहान, भगवान सिंह, संदीप कुमार, लक्ष्मी देवी, अरुणा, सुरेंद्र सिंह, चांदमल, संगीता, विजेंद्र प्रसाद व महफूज समेत दर्जनों ग्रामीणों ने कहा कि खून पसीने की कमाई से पाई-पाई जोड़ी था।
पांवटा में कार्यालय खोलकर निवेश से संबंधित कार्य करने वाली आरएफबीई कंपनी आरडी-एफडी का काम करती थी। कुछ समय तक राशि मिलती रही। अब कंपनी ने पांवटा के वाई प्वाइंट के समीप कार्यालय जून 2019 से बंद कर दिया है। पहले लोगों को अन्य जगह पर कार्यालय खोलने का आश्वासन दिया, लेकिन अब कंपनी ग्राहकों का पैसा वापस नहीं दे रही।