शिमला के कसुम्पटी में सात साल की बच्ची के साथ यौन शोषण के आरोप में गिरफ्तार आरोपी थाना छोटा शिमला के बाहर से फरार हो गया। पुलिस हिरासत से आरोपी के फरार होने पर हड़कंप मच गया।
पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को कुछ ही देर में विकासनगर पैट्रोल पंप के पास धर दबोचा। अब आरोपी के खिलाफ पुलिस हिरासत से फरार होने का मुकदमा भी कायम कर दिया गया है।
आरोपी अरुण सिद्ध (44) कसुम्पटी में रहता है। यह मोबाइल रिपेयर का काम करता था। इन दिनों बेकार था। पड़ोस में रहने वाली एक सात साल की बच्ची के साथ यौनाचार के आरोप में हिरासत में लिया गया है।
वीरवार शाम को लड़की के परिजनों ने यौन शोषण की शिकायत पुलिस को दी। छानबीन के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे जब आरोपी को अस्पताल से मेडिकल करवाकर पुलिस स्टेशन ले जाया जा रहा था तो आरोपी मौका देखकर थाने के बाहर से फरार हो गया।
नाले और जंगल से होता हुआ विकासनगर पहुंच गया। पुलिस ने कुछ देर बाद ही इसे दबोच लिया। आरोपी ने बताया कि वह डर गया था, इसलिए भागा। डीएसपी सिटी बलबीर जसवाल ने कहा कि मामले की जांच चल रही है। आरोपी से पूछताछ हो रही है।