हिमाचल के सिरमौर के राजगढ़ बाजार में कपड़ों का कारोबार करने वाले दुकानदार और उसकी पत्नी को अपना कमरा शिफ्ट करना महंगा पड़ गया। होम क्वारंटीन के नियमों की अवहेलना करने पर पुलिस ने दंपती के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बता दें गुजरात से लौटने के बाद यह दंपती कोरोना संक्रमित पाया गया। मंगलवार रात को डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज से इनकी रिपोर्ट पहुंची। बताया जा रहा है कि गुजरात से लौटने के बाद दंपती ने अपना कमरा बदला।
अब प्रशासन दंपती के संपर्क में आए लोगों को चिन्हित कर रहा है। उनके सैंपल लिए जाएंगे। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मनोज कुमार निवासी गांव कोठिया बाजार ने ने पुलिस थाना राजगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई है कि गुजरात के सुरत का रहने वाला प्रमोद राजगढ़ में किराये के मकान में रहता है। राजगढ़ पुराने बस अड्डे के पास उसकी कपड़े की दुकान है। पिछले कई वर्षों से वह यहां पर कपड़े की दुकान करता है। दिनेश कुमार अपनी बेटी की शादी करवाने के लिए गत 30 जून को राउरकेला उड़ीसा के लिए गया था।
जबकि, उनकी पत्नी पहले ही शादी की तैयारियों के लिए सूरत (गुजरात) से अपनी बेटी के साथ उड़ीसा गई हुई थी। शादी के बाद नौ जुलाई को दोनों राजगढ़ आए। नौ जुलाई से दोनों होम क्वारंटीन में थे। दो दिन पहले ही दंपती ने अपने किराये का कमरा उसी भवन की निचली मंजिल से ऊपर की मंजिल के लिए बदला था। सामान ढोने के लिए नेपाली मजदूरों को लगाया था। इतना ही नहीं दंपती अपना कोविड टेस्ट कराने के लिए स्कूटी पर गया था।
वापसी में दोनों ने बस अड्डे के समीप भूनी हुई मक्की खरीदी। इस दौरान वे कई लोगों के संपर्क में आए। जिला प्रशासन ने महामारी की रोकथाम के लिए जारी आदेशों की अवहेलना करने पर दंपती के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। एसडीएम नरेश वर्मा ने बताया कि अभी तक करीब आठ लोगों की पहचान हुई है। ये इनके संपर्क में आए हैं। सभी को होम क्वारंटीन किया जा रहा है।