हापुड़ में कार में मिला युवक का शव
- फोटो : अमर उजाला
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में थाना सिंभावली क्षेत्र में खड़ी कार में सुबह-सुबह एक युवक का शव मिलने से सनसनी मच गई है। इस युवक की पहचान गाजियाबाद के डिफेंस कॉलोनी निवासी ऋषभ तोमर पुत्र कमल सिंह तोमर के रूप में हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची है और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार थाना सिंभावली क्षेत्र के गांव माधोपुर औरंगाबाद रोड पर एक युवक का शव एसेंट कार में ड्राइविंग सीट पर मिला। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू की। युवक की जेब से मिले मोबाइल से परिजनों से वार्ता की तो उन्होंने बताया कि यह ऋषभ तोमर है।
परिजनों ने बताया कि वह कल सुबह घर से निकला था। मृतक के गले पर कई कट के निशान लगे हुए हैं। मौके पर एसपी संजीव सुमन वह एडिशनल एसपी सर्वेश मिश्र सीओ गढ़ पवन कुमार थानाध्यक्ष सिंभावली महेंद्र त्रिपाठी ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया। शुरुआती जांच में पुलिस इसे लूट के बाद हत्या का मामला मान रही है।