जिला ऊना में रविवार को कुल सात कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने से हड़कंप की स्थिति बन गई। इनमें तीन लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री मुंबई जबकि दो की दिल्ली से जुड़ी है। छह लोगों को विभिन्न केंद्रों में क्वारंटीन किया गया था। जिला का एक होमगार्ड जवान भी ड्यूटी के दौरान इस वायरस की चपेट में आया है जिसके बाद इलाके में अलर्ट बढ़ा दिया गया है।
बताया जा रहा है उक्त होमगार्ड जवान हरोली के पालकवाह में बनाए गए अस्थाई आईसोलेशन अस्पताल में तैनात था। जहां वह कोविड 19 के संपर्क में आ गया और कोरोना संक्रमित हुआ। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग कोविड संक्रमित पाए गए गृह रक्षक की कांटेक्ट ट्रेसिंग करने में जुट गए हैं। वहीं अन्य छह मामलों में दो व्यक्ति अंब उपमंडल से संबंधित हैं, जिनमें से रिपोह मिसरा निवासी मुंबई से लौटा है, जबकि अंब के ज्वाल का संक्रमित दिल्ली से संबंध रखता है। वहीं दो लोग बंगाणा उपमंडल के कोलका व चराड़ा से संबंधित हैं।
दोनों ही मुंबई से लौटे हैं। जबकि एक व्यक्ति ऊना के झंबर का रहने वाला है जो दिल्ली से लौटा है। सीएमओ डॉ. रमण कुमार ने छह पॉजिटिव मामलों की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इन छह मामलों के साथ एक और फॉलोअप सैंपल भी था जो पॉजिटिव आया है। सभी लोगों को खड्ड स्थित कोविड केयर सेंटर में दाखिल कराया जाएगा। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गौरतलब है कि जिला में शनिवार को भी एक ही दिन में कुछ अंतराल बाद कोरोना के चार पॉजिटिव मामले सामने आए थे। शनिवार देर रात को आई कोरोना सैंपल की रिपोर्ट में 17 मई को टैक्सी के माध्यम से मुम्बई से लौटे पांच सदस्यीय परिवार के तीन लोग कोरोना संक्रमित पाए गए।
दोपहर को शुक्रवार के लंबित तीन सैंपल में से बंगाणा के एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी, जबकि शनिवार देर रात 11 बजे के करीब शनिवार को भेजे 76 सैंपल में से तीन कोविड पॉजिटिव निकले। जिला में अब कोरोना के कुल 30 केस हो चुके हैं। 13 एक्टिव केस हैं।