पेयजल परियोजनाओं से नहीं बढ़ रही सप्लाई
आधे घंटे तक आपूर्ति का समय घटाने के निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। शहरवासियों को अगले कुछ दिन अब पहले से कम पानी मिलेगा। राजधानी के लिए पेयजल परियोजनाओं में पंपिंग घटने के बाद कंपनी ने शहर में भी पानी की सप्लाई की टाइमिंग घटा दी है। कनिष्ठ अभियंताओं को अपने क्षेत्रों में सप्लाई की टाइमिंग 15 मिनट से लेकर आधे घंटे तक कम करने को कहा है। इसमें जिन इलाकों में दो घंटे सप्लाई मिलती है वहां अब डेढ़ या पौने दो घंटे ही सप्लाई मिलेगी।
शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में प्रेशर के अनुसार सप्लाई की टाइमिंग अलग है। हालांकि समय में कटौती का सप्लाई पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। लोगों को पर्याप्त पानी मिल जाएगा। इससे पहले सोमवार को कंपनी ने रोजाना एक जोन की सप्लाई में कट लगाने के निर्देश दिए थे। अब बाकी चार जोन में दी जाने वाली सप्लाई की टाइमिंग भी घटाने को कहा है। ऐसा इसलिए किया है ताकि चारों जोन के सभी इलाकों में पानी मिल सके। शहर को आजकल रोजाना पांच से सात एमएलडी कम पानी मिल रहा है। मंगलवार को भी सभी परियोजनाओं से शहर को 41.14 एमएलडी पानी मिला है। कंपनी के अनुसार सभी इलाकों में पानी देने के लिए 45 से 47 एमएलडी पानी की जरूरत रहती है। गुम्मा से सप्लाई छह एमएलडी तक कम मिली है। इसके चलते एक जोन में रोज कट लगाया जा रहा है। मंगलवार को शहर के न्यू शिमला जोन में पानी की सप्लाई नहीं दी है।
आज लक्कड़ बाजार क्षेत्र में नहीं आएगा पानी
पेयजल कंपनी के अनुसार बुधवार को शहर के लक्कड़ बाजार जोन में पानी नहीं आएगा। इस जोन के लक्कड़ बाजार, आईजीएमसी क्षेत्र, जाखू आदि क्षेत्रों में पानी की सप्लाई नहीं दी जाएगी। पेयजल कंपनी के एजीएम अनिल जसवाल ने बताया कि शहर के ज्यादातर इलाकों में पानी देने के प्रयास किए जा रहे हैं। बुधवार को लक्कड़ बाजार के कुछेक क्षेत्रों में सप्लाई बाधित रह सकती है। बाकी इलाकों में सप्लाई सामान्य रहेगी।
नाले में बहा दिया हजारों लीटर पानी
कंपनी ने रिज स्थित फाउंटेन की मंगलवार को सफाई की। इस दौरान इसका हजारों लीटर पानी नाली में बहा दिया। यह पानी घंटों तक मालरोड पर बहता रहा। लोगों ने सवाल उठाए कि एचपीएमसी के पास निगम का पार्क है, जिसमें पानी की कमी से फूल सूख रहे हैं। ये पानी सड़क पर बहाने की बजाय पार्क में दिया जा सकता था।