मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने अपने चुनाव क्षेत्र शिमला ग्रामीण के सुन्नी क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने क्षेत्र में करीब 3.35 करोड़ के विकास कार्यों और भवनों की आधारशिला रखी। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों की समस्याओं को सुना और जनसभाओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत जूणी के अणु में 1.21 करोड़ की लागत से उठाऊ सिंचाई योजना के संवर्द्धन योजना की आधारशिला रखी।
सुन्नी में 36 लाख रुपये खर्च कर उद्यान विकास अधिकारी कार्यालय और आवासीय भवन निर्माण की आधारशिला भी रखी। पंचायत चेवड़ी के खैरा में सीएम ने 61 लाख रुपये के स्वास्थ्य उप केन्द्र,1.17 करोड़ के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला भवन का शिलान्यास किया। इस कार्य को दस माह में पूरा करने के लिए लोनिवि अधिकारियों को निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने मंढोड़घाट में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंढोड़घाट में वाणिज्य की कक्षाएं शुरू, प्राथमिक स्कूल अणु को माध्यमिक पाठशाला स्तरोन्नत करने, जूणी में प्राथमिक पाठशाला के अतिरिक्त ग्राम पंचायत जूणी के जमोग में स्वास्थ्य उप केंद्र खोलने, स्वास्थ्य उपकेंद्र खैरा को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अपग्रेड करने की भी घोषणा की।
रंगारंग कार्यक्रमों के लिए 15 हजार देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार चालू वित्त वर्ष में 2000 एकड़ अतिरिक्त भूमि को जैविक खेती के तहत लाएगी। किसानों को 50 फीसदी अनुदान देकर 20,000 वर्मी कंपोस्ट इकाईयां स्थापित करेगी। इस मौके पर आईपीएच मंत्री विद्या स्टोक्स, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष केहर सिंह खाची गोपाल शर्मा मुख्यमंत्री राहत कोष के लिए 21 हजार रुपये का चेक भेंट किया।
पंचायत चेवड़ी की प्रधान हेमलता, कांग्रेस शिमला ग्रामीण अध्यक्ष चंद्रशेखर, प्रदीप वर्मा, अनिता शर्मा, जिला परिषद सदस्य धर्मिला हरनोट, बाल सुरक्षा आयोग सदस्य कुसुम वर्मा, पंचायत समिति की अध्यक्ष रक्षा भंडारी मौजूद रहे।