प्रदेश सरकार सर्कुलर रोड पर यातायात का दबाव कम करने के लिए शिमला शहर में वैकल्पिक सड़कों के निर्माण की संभावनाओं का पता लगाएगी। होटल होलीडे होम से कृष्णानगर होते हुए शिक्षा निदेशालय तक एक नए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण होगा। इसे राष्ट्रीय उच्च मार्ग से जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह मंगलवार को शिमला शहर में पार्किंग, पार्कों और खेल परिसरों के विकास के संबंध में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे। मुख्यमंत्री ने सर्कुलर रोड से और वैकल्पिक मार्गों के विकास की जरूरत पर बल देते हुए कहा कि धोबीघाट से मलयाणा और रुलदूभट्टा से शांकली के बीच संपर्क सड़कों के निर्माण की गुंजाइश है।
वीरभद्र सिंह ने शहरी विकास और लोक निर्माण विभागों को इन संपर्क सड़कों के निर्माण की संभावनाओं का पता लगाने और विस्तृत योजना 15 दिन के भीतर तैयार करने के निर्देश दिए। कहा कि होटल होलीडे होम से वैकल्पिक सड़क का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू करने के लिए समिति का गठन किया जाएगा। इसके लिए शहरी विकास विभाग एक नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा।
वीरभद्र सिंह ने सर्कुलर रोड पर जहां सड़कों को चौड़ा करने की संभावनाएं हैं। ऐसे स्थलों को चिन्हित करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए। जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण और शहरी विकास विभाग संयुक्त रूप से कार्य का क्रियान्वयन करेंगे।
जहां पर भूमि अधिग्रहण की जरूरत नहीं है, वहां सड़कों को चौड़ा करने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। उन्होंने विद्युत बोर्ड के भंडारण कक्ष को किसी अन्य जरूरी स्थान पर स्थानांतरित करने के भी निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिमला नगर निगम क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के तहत सड़कों को चौड़ा अथवा विकसित करने के लिए 50 संपर्क सड़कों को चिन्हित किया गया है, जिसके लिए पर्याप्त धनराशि उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके अलावा मालरोड स्थित रानी झांसी पार्क और कुसुम्पटी क्षेत्र में परिमहल के समीप रानी झांसी पार्क के सौंदर्यीकरण तथा जीर्णोद्धार का कार्य भी किया जाएगा।
शिमला शहर की सब्जी मंडी को फिर विकसित किया जाएगा और उन्होंने इस संबंध में अधिकारियों को परियोजना निर्माण के निर्देश दिए, जिससे क्षेत्र का समुचित प्रयोग किया जा सके। अतिरिक्त मुख्य सचिव वीसी फारका और डा. श्रीकांत बाल्दी, सामान्य प्रशासन के सचिव मोहन चौहान, शहर विकास के निदेशक कैप्टन जेएम पठानिया, डीसी दिनेश मल्होत्रा, नगर निगम के आयुक्त पंकज राज, पुलिस अधीक्षक डीडब्ल्यू नेगी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
शिमला में बना रहे चार पार्किंग- वीरभद्र सिंह ने कहा कि स्थानीय लोगों और पर्यटकों को पार्किंग सुविधा देने के लिए चार पार्किंग स्थलों का निर्माण किया जा रहा है। इनमें संजौली में 400 वाहनों, छोटा शिमला में 250 वाहनों, लिफ्ट पर 700 वाहनों और विकासनगर में 175 वाहनों की पार्किंग शामिल है।
छोटा शिमला में पार्किंग का निर्माण किया है, जबकि संजौली पार्किंग में 250 वाहनों को पार्क करने की सुविधा उपलब्ध करवाई है। उन्होंने वाहनों की सुचारु आवाजाही सुनिश्चित बनाने के लिए संजौली की मुख्य पार्किंग से 300 मीटर तक सर्कुलर सड़क के दोनों ओर अवैध तौर पर पार्क किए गए। वाहनों और मुख्य सड़क पर निर्माण सामग्री को हटाने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए।
पीली लाइन से चिन्हित होंगे पार्किंग स्थल- मुख्यमंत्री ने कहा कि न्यूनतम दरों पर पार्किंग सुविधा प्रदान करने के लिए शहर में और पार्किंग स्थलों को पीली लाइन के रूप में चिन्हित किया जाएगा। कहा कि अभी तक 845 वाहनों को पार्क करने के लिए ‘येलो स्पॉट्स’ चिन्हित किए हैं। वीरभद्र सिंह ने शहर में सभी टेनिस कोर्ट को दोबारा बहाल करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।