सीएम जयरम ठाकुर ने पधर में हिमाचल दिवस पर आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए लोगों से कोरोना की दूसरी लहर से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने ‘दवाई भी कड़ाई भी’ के मंत्र के साथ टीकाकरण अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। उन्होंने लोगों से अपील की कि शादियां सूक्ष्म अंदाज में करें। धाम न दें। ऐसे कोई भी आयोजन न करें, जिससे महामारी के फैलने का खतरा अधिक हो।
उन्होंने कहा कि सक्रिय केस फाइंडिंग अभियान के तहत 70 लाख लोगों के स्वास्थ्य की जानकारी उनके घर-द्वार पर एकत्रित की गई है। आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि लोग सरकार के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करें। सीएम ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत 2024 तक हर घर में नल पहुंचाने का लक्ष्य पूरा किया जाएगा। 2022 तक प्रदेश की समस्त पंचायतों को सड़क सुविधा से जोड़ा जाएगा।
स्थगित करनी पड़ीं परीक्षाएं
सीएम ने कहा कि कोरोना की दूसरी लहर बेहद खतरनाक है। बच्चे भी इसकी चपेट में आ रहे हैं। केंद्र सरकार के सीबीएसई की परीक्षाओं को लेकर किए गए फैसले के बाद हिमाचल में भी 10वीं और 12वीं की परीक्षाएं स्थगित करनी पड़ी हैं। इससे अभिभावकों और बच्चों को परेशानी हुई है, जिसका उन्हें खेद है। उन्होंने कहा कि भारी मन से नवरात्रों में भंडारों और लंगर पर रोक लगानी पड़ी।
बारिश की बूंदें पड़ीं तो सीएम बोले - देवताओं का आशीर्वाद
संबोधन के दौरान अचानक बारिश शुरू हो गई। सीएम ने कहा कि इस बारिश का कई दिनों से इंतजार कर रहे थे। देवी-देवताओं का आशीर्वाद है। इसकी बहुत जरूरत थी।