हिमाचल प्रदेश के छह मध्य पर्वतीय जिलों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू और चंबा में शुक्रवार और शनिवार को अंधड़, ओलावृष्टि और भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी हुआ है। इन दोनों दिनों के लिए मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा के लिए अंधड़ और ओलावृष्टि का येलो अलर्ट जारी हुआ है। 18 अप्रैल तक पूरे प्रदेश में बादल बरसने का पूर्वानुमान है। 19 अप्रैल को मौसम साफ रहने और 20 और 21 अप्रैल को फिर मौसम खराब होने की संभावना जताई गई है।
गुरुवार को रोहतांग, कुंजुम दर्रा तथा बारालाचा के साथ ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ के फाहे गिरे। कुल्लू-मनाली के साथ जिला के अन्य जगहों पर दोपहर बाद बूंदाबांदी होने से मौसम ठंडा हो गया है। जिला मुख्यालय के साथ कई जगहों पर अंधड़ का भी दौर भी जारी रहा। मकरवे, शिकरवे, मनाली पीक, लद्दाखी पीक, सेवन सिस्टर पीक, पतालसू पीक, दशौहर लेक, भृगु लेक में हल्की बर्फबारी हुई है। प्रदेश के अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ बना रहा।
गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 35.4, नाहन में 34.0, बिलासपुर में 33.0, सोलन में 32.8, हमीरपुर में 31.8, सुंदरनगर में 29.7, कांगड़ा में 28.8, शिमला में 24.8, भुंतर में 24.5, धर्मशाला में 24.4, चंबा में 21.4, कल्पा में 19.1, डलहौजी में 14.8 और केलांग में 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उधर, बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.7, कल्पा में 4.0, मनाली में 8.2, कुफरी में 12.1, चंबा में 12.8, मंडी में 13.0, सोलन में 13.8, धर्मशाला में 14.8, शिमला में 15.5, हमीरपुर में 18.2, कांगड़ा में 17.4, नाहन में 17.7, ऊना में 18.6 और बिलासपुर में 19.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।