मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा है कि जल्द ही हिमाचल प्रदेश में 27,000 करोड़ के नए उद्योग शुरू होंगे। 27 दिसंबर को प्रदेश सरकार के चार साल पूरे होने पर मंडी में आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी के दौरान इन उद्योगों को धरातल पर उतारने के लिए खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरी झंडी देंगे। राजधानी में मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री ने दावा किया कि हिमाचल के इतिहास में एक साथ एक ही दिन 11,279 करोड़ रुपये के उद्घाटन और शिलान्यास किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उद्योगों की 20 हजार करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी होगी। रेणुका बांध को इसमें शामिल नहीं किया है लेकिन इसे भी उद्योग माना जाए तो 27,000 करोड़ रुपये की ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी का आयोजन होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह बीते सोमवार को ही पीएम मोदी से मिले हैं। कई नए प्रोजेक्ट स्वीकृति के लिए लंबित पड़े हैं। इनके लिए भी उनसे सहयोग मांगा गया है। पीएम ने हरसंभव सहयोग देने की बात की है।
पीएम इन प्रोजेक्टों का करेंगे शुभारंभ
2082 करोड़ की सावड़ा-कुड्डू परियोजना का उद्घाटन
66 मेगावाट की 688 करोड़ से बनने वाली धौलासिद्ध बिजली परियोजना का शिलान्यास
210 मेगावाट की 1811 करोड़ रुपये से बनने वाली लूहरी स्टेज वन परियोजना का शिलान्यास
148 मीटर ऊंचे 6700 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले रेणुका बांध प्रोजेक्ट का शिलान्यास
नए वेतनमान में 28 फीसदी डीए देने का विचार
सीएम ने कहा कि नए वेतनमान में कर्मचारियों को 28 फीसदी डीए देने का विचार है। कर्मचारियों को आईआर के रूप में 5000 करोड़ रुपये का एरियर दिया जा चुका है। सरकार कर्मचारियों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है।
उपचुनाव की हार ही जीत का कारण बनेगी : जयराम
सीएम जयराम ठाकुर ने शिमला में कहा कि हिमाचल प्रदेश में उपचुनाव में भाजपा की हार ही इसकी जीत का भी कारण बनेगी। कई बार अलर्ट भविष्य के लिए अच्छा भी होता है। विकट परिस्थितियों में व्यवस्था को चलाने का प्रयास किया गया है। अबकी बार एक बार भाजपा और एक बार कांग्रेस का भ्रम टूटेगा। सीएम जयराम ठाकुर ने ओमिक्रॉन पर पर्यटकों से सहयोग की अपील की है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कोविड वायरस के इस वैरियंट का संक्रमण चिंताजनक है।
मालूम नहीं होता था कि कौन हस्ताक्षर कर गया
विपक्ष के अफसरशाही पर पकड़ नहीं होने के आरोप पर कहा कि वीरभद्र सरकार में तो मालूम नहीं होता था कि कौन हस्ताक्षर कर गया है। वर्तमान सरकार की अफसरशाही ठीक काम कर रही है। चार साल में सरकार को जनता का साथ मिला है।
हर बार श्रद्धांजलि का फैक्टर नहीं चलेगा
उपचुनाव में वीरभद्र का सहानुभूति फैक्टर चलने पर पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि हर बार श्रद्धांजलि का फैक्टर नहीं चलेगा। कहा कि वह दिल्ली जाते हैं तो विपक्ष उनके बारे में तरह-तरह की बातें करता है, जिसका कोई मतलब नहीं होता है।