प्रदेश सचिवालय सेवाएं खेल नियंत्रण बोर्ड ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के जन्मदिवस पर कोरोना महामारी से बचाव के लिए जागरूकता रैली निकाली। पदयात्रा को शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज ने हरी झंडी दिखा रवाना किया। रैली सचिवालय परिसर से मालरोड, रिज से गुजरी। रैली में हिस्सा लेने वाले प्रतिभागियों ने इस दौरान कोरोना महामारी से बचाव से संबंधित जैसे दो गज दूरी है जरूरी, मास्क का करें प्रयोग के नारों के माध्यम से आमजन को कोरोना महामारी से बचाव को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
मंत्री सुरेश भारद्वाज ने मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को जन्मदिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह गर्व की बात है कि प्रदेश को उनका कुशल नेतृत्व मिला है, जो स्वयं ग्रामीण पृष्ठभूमि से होने के कारण प्रदेश के आम लोगों की समस्याओं से भली भांति परिचित हैं। इस अवसर पर बोर्ड के महासचिव राजेश शर्मा मौजूद रहे।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बुधवार को अपने 56वें जन्मदिवस पर वन विभाग का प्रदेश के वनों की छवि को दर्शाने वाला कैलेंडर 2021 और प्रदेश के औषधीय पौधों के बारे में जागरूकता उत्पन्न करने के विषय पर आधारित टेबल कैलेंडर भी जारी किया। इसके बाद वन विभाग ने मुख्यमंत्री को राज्य आरईडीडी कार्य योजना प्रस्तुत की।
इसमें पांच वर्षों में 102 करोड़ रुपये की योजना कार्यान्वित होगी। मुख्यमंत्री ने प्रधान मुख्य अरण्यपाल डॉ. सविता की लिखित पुस्तक लीडरशिप इन फॉरेस्ट मैनेजमेंट का भी विमोचन किया। यह पुस्तक वानिकी में नेतृत्व के आवश्यक पहलुओं पर केंद्रित है। जल शक्ति मंत्री महेंद्र सिंह ठाकुर भी इस अवसर मौजूद रहे। इस अवसर पर वन मंत्री राकेश पठानिया ने मुख्यमंत्री को तुलसी का पौधा भेंट किया।