कांगड़ा-चंबा के सांसद किशन कपूर ने आरोप लगाया कि कुछ लोग मेरे खिलाफ अपने हित के लिए दुष्प्रचार कर रहे हैं। मेरे बेटे शाश्वत ने अन्य अभ्यर्थियों की तरह धर्मशाला से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी।
हाईकमान के मना करने के बाद मेरा बेटा 19 सितंबर को उच्च शिक्षा के लिए फ्रांस चला गया। 23 सितंबर को वहां की यूनिवर्सिटी में उसकी कक्षाएं शुरू हो गई हैं। ऐसे में अभी भी मेरे खिलाफ कुछ लोग दुष्प्रचार कर रहे हैं कि मैं अपने बेटे के लिए टिकट मांग रहा हूं।
इसी वजह से शिमला में चुनाव समिति की बैठक के लिए मुझे नहीं बुलाया गया। यह दुष्प्रचार है। चुनाव समिति की बैठक के लिए मुझे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती का फोन आया था।
मैं बैठक में जाना चाहता था, लेकिन पिछले दो दिन से तेज बुखार है। साजिश रचने वाले का नाम सही समय पर सामने लाऊंगा। कपूर ने कहा कि वह पिछले चार दशक से पार्टी के पक्के सिपाही हैं।