विधानसभा उपचुनाव के टिकट के लिए आवेदन करने वालों पर मंथन को प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति ने बुधवार को पार्टी कार्यालय राजीव भवन में बैठक की। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष कुलदीप सिंह राठौर की अध्यक्षता में सुबह 12 बजे हुई बैठक में आधा घंटा मंथन के बाद एक प्रस्ताव तैयार किया गया। इसमें कहा गया कि पार्टी हाईकमान प्रत्याशी का फैसला खुद करे।
टिकट के लिए नौ आवेदनकर्ताओं के नाम तय कर प्रस्ताव हाईकमान को भेजा है। गौर हो कि प्रदेश कांग्रेस के पास धर्मशाला से छह और पच्छाद से तीन दावेदारों के नाम आए थे। धर्मशाला से पूर्व मंत्री सुधीर शर्मा और पच्छाद से पूर्व मंत्री गंगूराम मुसाफिर के नाम प्रमुख हैं? हाईकमान एक या दो दिन में प्रत्याशियों के नाम भी फाइनल करके घोषित कर देगा।
ये कमेटी सदस्य रहे मौजूद
प्रदेश कांग्रेस चुनाव समिति सदस्य एआईसीसी सचिव राजेश धर्माणी, विधायक रामलाल ठाकुर, कर्नल धनी राम शांडिल, प्रदेश महासचिव अनिल किमटा, प्रदेश सचिव हरिकृष्ण हिमराल, पूर्व मंत्री कौल सिंह ठाकुर, पूर्व मंत्री हर्ष महाजन मौजूद रहे। पूर्व प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सुक्खू, पूर्व मंत्री जीएस बाली, विप्लव ठाकुर और सुधीर शर्मा बैठक में नहीं आ पाए। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह पीजीआई में डॉक्टरों की निगरानी में है।