हिमाचल विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटी आम आदमी पार्टी
- फोटो : Amar Ujala Digital
आम आदमी पार्टी का हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री चेहरा जल्द घोषित होगा। मंडी में छह अप्रैल को केजरीवाल की प्रस्तावित रैली में इसका एलान हो सकता है। आप के चुनावी एजेंडे से भी हिमाचल की जनता इसी दिन रूबरू होगी। यह बात आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता शेर सिंह ठाकुर ने बुधवार को नेरचौक में पत्रकार वार्ता के दौरान कही। कहा कि पंजाब चुनाव नतीजों के बाद हिमाचल प्रदेश में आम आदमी पार्टी से दो लाख पचास हजार से अधिक कार्यकर्ता जुड़ चुके हैं। आप की जब हवा चलती है तो सबसे पहले मुख्यमंत्री की कुर्सी ही डोल जाती है। पार्टी पूरे हिमाचल प्रदेश में चुनाव लड़ेगी तथा सरकार बनाएगी। हिमाचल की राजनीति में आने वाले छह अप्रैल को नया इतिहास रचा जाएगा।
आम आदमी पार्टी आंदोलन से निकली हुई पार्टी है। नेताओं के तानों को सुनने के बाद चुनौती के तहत यह पार्टी बनी है। हिमाचल में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही मुकाबला होता है, मगर वे खुशफहमी में हैं। उन्हें मालूम होना चाहिए कि दिल्ली में भी कांग्रेस और भाजपा के बीच ही मुकाबला होता था। आज दिल्ली के बाद पंजाब में भी आप की सरकार बनी है। पहले यह कहा जाता था कि आप केवल दिल्ली की ही पार्टी है जो वादे किए हैं उन्हें पूरा करके दिखाए। जब आप की सरकार ने सारे वादे पूरे किए तो दुनिया भर के लोग विकास देखने आने लगे। अब राजनीति में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। लोगों में आम आदमी पार्टी से उम्मीद जगी है। उनके साथ बल्ह विधानसभा क्षेत्र के अध्यक्ष राकेश रावत, एससी मोर्चा के अध्यक्ष धनदेव मौजूद रहे।