बिलासपुर बना स्टेट बॉस्केटबाल चैंपियन
- फोटो : संवाद
हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला छात्र के मैदान में स्वर्गीय दलेल सिंह चौहान मेमोरियलराज्य स्तरीय बॉस्केटबाल प्रतियोगिता का खिताब बिलासपुर टीम ने अपने नाम किया है। बिलासपुर ने हमीरपुर की टीम को 38 अंकों से पराजित किया। बिलासपुर टीम के कोच सचिन कौंडल ने बताया कि बिलासपुर के कप्तान लविश ने अपनी टीम के लिए 30 अंक बटोरे। लविश कुमार भारतीय जूनियर बाॅस्केटबाल टीम के भी कप्तान हैं। इसके अलावा अंकुश ने बीस, अर्जुन ने 18 और रिक्की ने 12 अंकों का योगदान दिया। बिलासपुर की टीम की ओर से कुल 84 अंक जोड़े गए जबकि चलोथरा की टीम 46 अंक ही अर्जित कर पाई। बिलासपुर की टीम ने इससे पूर्व लीग मैच में मंडी और हमीरपुर की टीमों को हराया था। जिला बास्केटबाल संघ के सभी पदाधिकारियों ने टीम की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बधाई दी है।
अर्नव के नाबाद शतक के दम पर कुल्लू ने चंबा को दी शिकस्त
अंतर जिला एकदिवसीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में कुल्लू ने चंबा को 56 रन से हराया। कुल्लू के अर्नव जम्वाल ने नाबाद शतक जमाया। कुल्लू ने पहले बल्लेबाजी करते 238 रन बनाए। जवाब में चंबा की पारी 182 रन पर सिमट गई। लुहणू क्रिकेट मैदान में खेले गए इस मैच में कुल्लु ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। कुल्लू की शुरुआत खराब रही और पहले ही ओवर दो बल्लेबाज आउट होकर पैवेलियन लौट गए। इसके बाद देवेश ने 23, तन्मय ने 21 और सुशांत ने 25 रन का योगदान दिया। अर्नव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 122 रन बनाए। चंबा की ओर से प्रशांत, मोक्ष और लक्ष्य ने दो-दो विकेट हासिल किए। इस तरह कुल्लू की पारी 49 ओवर में 238 रन पर खत्म हुई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी चंबा की टीम ने धीमी शुरुआत की। चंबा की ओर से अंश ने 55, सक्षम ने 46 और लक्ष्य ने 23 रन का योगदान दिया। इसके अलावा अन्य बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाए और एक के बाद एक पवेलियन लौटते रहे। चंबा की पार 47 ओवर में 182 रन सिमट गई। कुल्लू की ओर से स्वयम भारती ने पांच और सुशांत ने दो विकेट हासिल किए। इस तरह कुल्लू ने मैच 56 रनों से अपने नाम किया।