एचआरटीसी बस से टकराई कार, दोपहर तक फिसलन से बार-बार लगता रहा जाम
शिमला। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मंगलवार रात हुई हल्की बर्फबारी के बाद बुधवार सुबह राष्ट्रीय राजमार्ग-5 पर कुफरी और फागू के बीच भारी फिसलन के कारण वाहन स्किड हुए। सुबह करीब साढ़े आठ बजे रोहड़ूू से हरिद्वार जा रही परिवहन निगम की बस फागू से जैसे ही कुफरी की ओर आगे बढ़ी तो विपरीत दिशा से आ रही कार तेजी से स्किड होकर बस से टकरा गई। इसमें किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।
दुर्घटना में सरकारी बस की फॉग लाइट टूट गई। इससे पहले गलू की चढ़ाई में फागू की ओर आ रहा एक ट्रक स्किड होकर वापस घूम गया। वाहन स्किड होने से बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती रही। दोपहर बारह बजे के बाद बर्फ पिघलने और सड़क पर रेत मिट्टी डलने के बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो पाई।