नालागढ़ नगर परिषद को विश्वास में लिए बगैर नवनिर्मित नप क्षेत्र में पुल का उद्घाटन सांसद सुरेश कश्यप से कराने पर जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम का बहिष्कार कर दिया। कश्यप ने मंगलवार को नालागढ़ के वार्ड 8 व 3 को मिलाने वाले पुल का उद्घाटन किया है। इस पुल पर करीब 34 लाख रुपये खर्च आया है। जनप्रतिनिधियों का कहना है कि उन्हें ऐन मौके पर इसकी जानकारी दी गई। नगर परिषद की बैठक में इस पर प्रस्ताव पारित होना चाहिए था कि पुल का उद्घाटन किसने करना है और कब करना है।
लेकिन ऐसा पहली बार हुआ है, जब चुने हुए प्रतिनिधियों को भनक तक नहीं लगी और इसका उद्घाटन करवा दिया गया। नप अध्यक्ष धर्मेंद्र राणा ने कहा कि वह ईओ की ओर से किए गए इस भेदभाव रवैये की आलोचना करते हैं। उन्होंने कहा कि सांसद निधि से एक पैसा भी इस पुल में नहीं लगा है और आनन फानन में कुछ लोगों के इशारों पर उन्हें नीचा दिखाने के लिए यह षड्यंत्र रचा गया है।
पूर्व नप अध्यक्ष व वर्तमान में पार्षद मनोज वर्मा ने कहा कि वह चुने हुए प्रतिनिधि हैं और उनके साथ ऐसा बर्ताव शोभा नहीं देता है। पुल निर्माण में पैसा भी नगर परिषद का है। अगर बजट भी एमपी फंड का होता तो भी बात होती लेकिन अगर सांसद से उद्घाटन कराना ही था तो पहले बैठक होनी चाहिए थी। उद्घाटन पट्टिका पर स्थानीय विधायक व नप अध्यक्ष का नाम भी होना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं हुआ इसलिए उन्होंने इस कार्यक्रम का बहिष्कार किया है।
सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि उन्हें इस विषय की जानकारी नहीं है कि समारोह में उनके अलावा किसे बुलाया गया है। उन्होंने इस संदर्भ में ईओ से भी बातचीत की है। वहीं, नप के कार्यकारी अधिकारी रणधीर वर्मा ने कहा कि इस समारोह को लेकर सभी को निमंत्रण दिया गया था। लेकिन कुछ जनप्रतिनिधि नहीं पहुंचे।