उद्योग मंत्री बिक्रम सिंह ने कहा कि प्रदेश में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के दायरे में कृषि, पशुपालन और मत्स्य पालन के प्रोजेक्ट भी लाए जाएंगे। इस संबंध में विभाग के अधिकारियों से बैठक करेंगे। भोजनकाल के बाद विपक्ष की गैर मौजूदगी में सदन की कार्यवाही चली। विपक्ष के तीन सदस्यों की गैर मौजूदगी के कारण तीन मसलों को सदन में नहीं उठाया जा सका।
मंत्री बिक्रम ठाकुर विधायक विक्रम सिंह जरयाल के नियम 130 में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना पर चर्चा के लिए लाए प्रस्ताव का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि तीन साल में योजना के तहत 656 करोड़ की 4,072 इकाइयां स्थापित की गई हैं। योजना से प्रदेश के विभिन्न जिलों में 10,980 लोगों को रोजगार भी मिला है।
इस साल सरकार ने दो हजार नई इकाइयां स्थापित कर पांच हजार लोगों को रोजगार देने का लक्ष्य रखा है। विधायक भी अपने क्षेत्रों में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के बारे में अपने क्षेत्रों में लोगों को जानकारी दें। सरकार एक करोड़ तक के ऋण दे रही है। पहली किस्त चुकाने पर सरकार उपदान की किस्त भी साथ ही जारी कर रही है। इससे पहले विधायक होशियार सिंह ने कहा कि सरकार योजना का प्रचार प्रसार करे ताकि लोगों को योजना के बारे में जानकारी मिले।