आजादी के सत्तर वर्ष, मोदी सरकार की सात योजनाएं और देश को आजाद करने में अपना बलिदान एवं योगदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों का शुक्रिया अदा करने का भाजपा ने नायाब तरीका निकाला। जी हां, जिला सिरमौर में 15 अगस्त यानी स्वतंत्रता दिवस से ठीक एक दिन पहले रविवार को जोरदार जश्न मनाया गया और भारत माता के जय उद्घोष के साथ सिरमौर में लहरा उठा तिरंगा। पूरा परिवेश भारत माता के जयकारे से गूंज उठा।
मौका था भाजपा द्वारा शुरू की गई तिरंगा यात्रा का। इसमें सिरमौर के युवाओं ने ही नहीं बल्कि आम कार्यकर्ताओं में ठीकठाक जोश दिखा। हो भी क्यों न, भाजयुमो के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बीसीसीआई चीफ सांसद अनुराग ठाकुर स्वयं इस यात्रा में शरीक हुए। कोलर, नाहन और ददाहू में हुई तिरंगा यात्रा में खूब जोश दिखा। सांसद अनुराग ठाकुर का इस्तकबाल करने के लिए हर कोई क्रेजी दिखा। उसके साथ सेल्फी लेने की भी होड़ मची।
सुनील को दी हिमाचली हीरो की उपाधि
सांसद ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि हरेक व्यक्ति अगर प्रधानमंत्री के साथ सोशल मीडिया में जुड़ता है तो उन्हें पता चलेगा कि देश के लोकप्रिय प्रधानमंत्री क्या-क्या कर रहे हैं। सांसद ने कहा कि आजादी के 70 साल का जश्न तिरंगा यात्रा के साथ मनाया जा रहा है। मोदी के सतर कदम जनता तक लेकर जा रहे हैं। वहीं, देश के उन स्वतंत्रता सेनानियों के परिवार के बीच जाने का मौका मिला है, जिनकी बदौलत हम आज खुली हवा में सांस ले रहे हैं।
भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष व बीसीसीआई अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि बारिश हो रही है। इसके बावजूद युवाओं में तिरंगा यात्रा को लेकर जोश है। दर्जनों कार्यकर्ता माजरा चौक से कोलर खेल मैदान तक बाइक पर तिरंगा यात्रा लेकर पहुंचे। उधर, ददाहू में भी जोरदार तिरंगा यात्रा निकाली गई। भारी बारिश के बीच युवा बाइक लेकर सड़कों पर उतरे।
द ग्रेट इंडिया रन में दिल्ली से मुंबई तक दौड़ कर विश्व रिकार्ड बनाने वाले सिरमौर के सुनील शर्मा को सांसद अनुराग ठाकुर ने हिमाचली हीरो की उपाधि दी है। सिरमौर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान सुनील को अनुराग ठाकुर के हाथों सम्मानित किया गया। सांसद ने कहा कि इस तरह के धावकों को सरकार का सहयोग मिले तो इस तरह के युवा एशियन व ओलंपिक्स में मेडल भी ला सकते हैं। युवा सांसद से सम्मानित होने के दौरान सुनील गौरवान्वित हो उठे।
प्रदेश में बदले जा रहे हैं ईमानदार अधिकारी: अनुराग
बीसीसीआई अध्यक्ष एवं भाजयुमो अध्यक्ष अनुराग ठाकुर निशाने पर वीरभद्र सिंह और केजरीवाल रहे। सिरमौर में विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम में उन्होंने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला। दिल्ली सरकार को भी विफल करार दिया। कहा कि दिल्ली को पानी की जरूरत है, लेकिन केजरीवाल ध्यानयोग में व्यस्त हैं।
दिल्ली की केजरीवाल सरकार विज्ञापनों पर 600 करोड़ रुपये खर्च कर सकती है, लेकिन पानी का इंतजाम नहीं कर सकती। रेणुका बांध के मुद्दे पर कहा कि उन्हें 450 करोड़ जारी करने की जानकारी मिली है। केंद्र इसे शीघ्र जारी करेगा। उन्होंने ददाहू में पत्रकारों को भी संबोधित किया।
नाहन के एसएफडीए हाल में उन्होंने कहा कि प्रदेश में माफियाराज है। ड्रग्स, शराब, खनन और वन माफिया सक्रिय हैं। सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। प्रदेश में ईमानदार अधिकारियों के तबादले किए जा रहे हैं। महज दो सप्ताह के भीतर चार ईमानदार अधिकारियों के तबादले किए गए हैं। अवैध खनन के खिलाफ ठोस कार्रवाई करने वाले आईपीएस गौरव सिंह भी शामिल हैं।
प्रदेश में शराब, खनन, वन माफिया का चल रहा राज
सिर्फ पांच महीने में ऊना के डीसी का स्थानांतरण किया गया। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग से भी अधिकारी हटाए गए। अधिकारी इस सरकार के कार्यकाल में काम नहीं करना चाहते। उन्होंने कहा कि उन्होंने प्रदेश में कई क्रिकेट स्टेडियम बनाए। जितने स्टेडियम बने, उतने कांग्रेस सरकार ने उन पर केस बना दिए, लेकिन वह डरने वाले नहीं।
केस बनते रहें, लेकिन स्टेडियम बनाने से वह पीछे नहीं हटेंगे। कहा कि तुम मुझे जमीन का एनओसी दो, मैं स्टेडियम दूंगा। पैसा देना मेरा कार्य है। मोदी सरकार ने देश को नई दिशा दी है। दो साल पहले देश के 18000 गांवों में बिजली नहीं थी। एक साल में ही 11000 गांव बिजली से जोड़े गए। कहा - गिरिपार को जनजातीय का दर्जा यहां के लोगों का हक है। इस बारे में प्रधानमंत्री से मुलाकात कर चर्चा करेंगे।
नाहन विस क्षेत्र में खोली जाएगी क्रिकेट अकादमी
भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने कहा कि नाहन विस क्षेत्र में क्रिकेट अकादमी खोली जाएगी। इसके लिए विधायक उचित जमीन उपलब्ध करवाएं जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तलाशा व तराशा जा सके। कोलर में लंबित खेल मैदान स्थल का जायजा लिया। मैदान के शेष कार्य प्रोजेक्ट का प्राक्कलन तैयार करके भेजने को कहा है।
बीसीसीआई अध्यक्ष रविवार को माजरा में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। माजरा चौक से कोलर तक बाइक पर सवार होकर युवाओं ने तिरंगा रैली निकाली। नाहन विस के विधायक डॉ. राजीव बिंदल व भाजपा जिलाध्यक्ष सुखराम चौधरी ने माजरा में सब तहसील खोलने, माजरा में क्रिकेट अकादमी खोलने, गुलाबगढ़ में बाता नदी पर पुल निर्माण तथा पुलिस थाना खोलने की मांग रखी है।
प्रदेश में कांग्रेस सरकार को हर मोर्चे पर विफल बताया। कार्यकर्ताओं को जोश व जुनून बनाए रखने को कहा जिससे कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंक सकें। कार्यक्रम के दौरान मैलियो, जगतपुर व मिश्रवाला से दर्जनों परिवार भाजपा में शामिल हुए। नाहन के विधायक ने कहा कि शामिल हुए परिवारों को पूरा मान सम्मान मिलेगा।
इस मौके पर भाजपा के शिलाई विस क्षेत्र के विधायक बलदेव तोमर, भाजपा प्रदेश महामंत्री चंद्रमोहन ठाकुर, भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुनील ठाकुर, सिरमौर भाजपा अध्यक्ष सुखराम चौधरी, कुलदीप ठाकुर, भाजपा महिला प्रकोष्ठ जिलाध्यक्ष आशा तोमर, माजरा पंचायत प्रधान बिजेश गोयल, कुलदीप ठाकुर, देवेंद्र चौधरी, पुष्पा चौधरी, मलकीत सिंह, फरोज खान, पवन चौधरी, नीरज गोयल, अनिल चौधरी, चरणजीत चौधरी, सतीश शर्मा, रोहित चौधरी, राहुल चौधरी व हेमा शर्मा आदि मौजूद हैं।
पांवटा साहिब गुरुद्वारे में टेका माथा
बीसीसीआई अध्यक्ष व भाजयुमो राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने सुबह पांवटा साहिब गुरुद्वारे में माथा टेका। इस दौरान गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी ने सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद भाजपा प्रदेश इकाई सदस्य मनीष तोमर के मेजबान होटल में ब्रेक फास्ट किया। इससे पहले, शनिवार को देर रात शिलाई से पूर्व नप कमेटी अध्यक्ष संजय सिंघल के आवास पहुंचे। विगत माह उनकी माता के निधन पर शोक प्रकट किया।