लॉकडाउन के दौरान बाहरी राज्यों में रह रहे हिमाचली लोगों को प्रदेश में आने को ऑनलाइन पास की सुविधा मिलने के बाद हिमाचल-पंजाब बॉर्डर पर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। गगरेट के आशा देवी बॉर्डर पर सुबह लगभग 300 गाड़ियों पहुंच गई थीं। प्रदेश पुलिस लोगों के नाम-पते लिखकर उन्हें प्रवेश की अनुमति दे रही है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम सभी की थर्मल स्कैनिंग कर रही है। बीते रविवार को बॉर्डर से हिमाचल में प्रवेश करने वालों का आंकड़ा कम था। सोमवार सुबह से लंबी-लंबी कतारें लगी रहीं। सूत्रों के मुताबिक सोमवार शाम तक लगभग 1000 गाड़ियां हिमाचल में प्रवेश कर चुकी थीं।
उधर, गगरेट थाना प्रभारी हरनाम सिंह ने बताया कि ऑनलाइन पास के आधार पर लोगों को प्रवेश करने की अनुमति दी गई है। उधर, बाहरी क्षेत्रों से चंबा पहुंचे 400 लोगों की स्वास्थ्य विभाग ने स्क्रीनिंग की है। सीमावर्ती क्षेत्रों पर विभाग ने स्वास्थ्य जांच केंद्र बनाए हैं। लोगों में बुखार और ऑक्सीजन लेवल भी चेक किया जा रहा है।