मेयर की अगुवाई वाली ट्री कमेटी ने किए चिन्हित, सब कमेटी को रिपोर्ट भेजने की तैयारी
क्रॉसर
ज्यादातर छोटे रवीनिया प्रजाति के हैं पेड़
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। ऐतिहासिक रिज मैदान के धंस रहे हिस्से पर निर्माण कार्य शुरू करने के लिए फॉरेस्ट क्लीयरेंस लेने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। मेयर सत्या कौंडल की अगुवाई वाली ट्री अथॉरिटी कमेटी ने मंगलवार को मौके का दौरा किया।
यहां रवीनिया प्रजाति के कुल 14 छोटे-बड़े पेड़ हैं जिन्हें काटकर रिज को मजबूती देने के लिए दीवार लगाई जाएगी। इनमें कुछेक पेड़ वन भूमि पर हैं तो कुछ नगर निगम के कब्जे वाली जमीन पर खड़े हैं। मेयर सत्या कौंडल ने मौके पर मौजूद डीएफओ शिमला अनीता शर्मा को इसकी रिपोर्ट तैयार करने को कहा। मेयर ने कहा कि खतरनाक पेड़ों की सूची के साथ जल्द रिपोर्ट को भी सब कमेटी के पास भेजा जाएगा ताकि इस पर कोई निर्णय हो सके। सब कमेटी की बैठक इस महीने हो सकती है। ऐसे में नगर निगम को उम्मीद है कि इसी बैठक में काम के लिए क्लीयरेंस मिल जाएगी। वन विभाग का मानना है कि इस जगह पर काम शुरू करने के लिए एफसीए की मंजूरी चाहिए। सब कमेटी को इसका प्रस्ताव तो भेजा जा रहा है लेकिन यह एक विकल्प के तौर पर होगा। सब कमेटी ही यह रिपोर्ट देखकर तय करेगी कि इस पर क्या फैसला लिया जाना है?
कमेटी ने किया 12 पेड़ों का निरीक्षण
मेयर की अगुवाई वाली ट्री कमेटी ने मंगलवार को भराड़ी क्षेत्र का दौरा कर खतरनाक बने पेड़ों का निरीक्षण किया। इसमें सात पेड़ों की शाखाएं कटेंगी। वहीं दो सूखे और एक हरे पेड़ को खतरनाक पाते हुए इसे काटने की सिफारिश सब कमेटी से की जाएगी। एक गिरा हुआ पेड़ भी हटाने की अनुमति ली जाएगी। एक आवेदन रद्द किया है। इस दौरे में पार्षद सुनील धर भी मौजूद रहे।