घर से भाग कर शादी करने वाला प्रेमी जोड़ा।
- फोटो : अमर उजाला
घर से भाग कर शादी करने वाली बेटी को पिता और उसका भाई जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। राजस्थान हाई कोर्ट ने जयपुर पुलिस मुख्यालय और धौलपुर पुलिस प्रेमी युगल को सुरक्षा देने के निर्देश दिए, लेकिन पुलिस ऐसा कुछ नहीं कर रही है। पिता और भाई के डर के साए में इधर-उधर भटक रहे प्रेमी युगल ने अब पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मदद करने की गुहार लगाई है। युवती ने बताया कि माता-पिता मेरी शादी दोगनी से ज्यादा उम्र के व्यक्ति से कराना चाहते थे।
धौलपुर के मनिया थाना इलाके के गांव जागीर पुरा निवासी एक प्रेमी युगल ने गुजरात के सूरत में शादी की है। युवती के परिजनों द्वारा मिल रही धमकियों से परेशान प्रेमी युगल ने राजस्थान उच्च न्यायालय में सुरक्षा देने की मांग को लेकर याचिका दायर किया था। सुनवाई के बाद होई कोर्ट ने जयपुर पुलिस मुख्यालय और धौलपुर पुलिस को प्रेमी युगल को सुरक्षा देने के आदेश जारी किए थे।
प्रेमी पर अपहरण का केस दर्ज कराया
उत्तर प्रदेश की फतेहाबाद तहसील के अंडोआ का पुरा गांव की रहने वाली तनु (19 ) ने बताया कि माता-पिता 45 साल के व्यक्ति से उसकी शादी कराना चाहते थे। इसकी जानकारी लगते ही वह जागीर पुरा थाना इलाका मनिया धौलपुर के रहने वाले अपने प्रेमी भारत सिंह (21) के साथ घर से भाग गई। बाद में गुजरात के सूरत में हिंदू रीति रिवाज से शादी कर ली। दोनों ने सूरत की महानगर पालिका में शादी का रजिस्ट्रेशन भी करा लिया है। उधर, युवती के परिजनों ने भारत के खिलाफ फतेहाबाद थाना में बहला-फुसलाकर बेटी का अपहरण करने का केस दर्ज करा दिया है।
परिजनों ने लड़के के घर की तोड़-फोड़
तनु ने बताया कि मर्जी से शादी करने के कारण परिजन उसके खिलाफ हैं। उसके पिता और भाई लगातार उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उसके पति के घर पहुंच कर उसके परिजनों ने तोड़फोड़ भी है। इससे परेशान होकर प्रेमी युगल ने हाई कोर्ट से सुरक्षा मांगी। आदेश जारी होने के बाद पुलिस कुछ नहीं कर रही है। इससे तंग आकर दोनों ने पीएम को पत्र लिखकर जान बचाने की गुहार लगाई है।