जिला पुलिस ने एक मकान में छापा मारकर मादक पदार्थों की बड़ी खेप जब्त की है। एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया गया है। जिला स्पेशल टीम की सूचना पर सांगड थाना पुलिस ने मुलाना गांव में स्थित एक मकान पर छापा मारा, यहां से चार किलो 375 ग्राम अफीम और 88 किलो 240 ग्राम डोडा पोस्त सहित अन्य सामान बरामद किया गया है।
जैसलमेर एसपी भंवर सिंह नाथावत ने बताया कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए जिला स्पेशल टीम (डीएसटी) को टास्क दिया गया है। डीएसटी की सूचना पर थानाधिकारी सांगड सुखदेव चारण ने टीम के साथ मुलाना गांव में गंगा सिंह पुत्र खुमाण सिंह राजपूत के मकान पर दबिश दी। पुलिस टीम ने यहां से भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थ जब्त किया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उससे पूछताछ की जा रही है।