राजस्थान के उदयपुर में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की छवि को दागदार करती हुई एक खबर सामने आई है। दरअसल, एक महिला ने उदयपुर की गोगुंदा सीट से भाजपा के विधायक प्रताप लाल भील पर बलात्कार का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ केस दर्ज कराया है। महिला का कहना है कि भाजपा विधायक ने उसे शादी का झांसा देकर उसके साथ बलात्कार किया है। इस खबर से सियासी गलियारों में हलचल मची हुई है।
महिला ने विधायक के खिलाफ अपनी शिकायत में कहा कि तीन-चार साल पहले एक सामाजिक आयोजन में उसकी मुलाकात भाजपा विधायक प्रताप लाल भील से हुई थी। उस समय जान पहचान हुई तो विधायक ने मेलजाेल बढ़ाया। इसके बाद विधायक उसे शादी का झांसा देते हुए शारीरिक संबंध बनाता रहा। महिला ने यह भी बताया कि विधायक ने उदयपुर के सुखेर स्थित एक फ्लैट और नीमच में उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। महिला का आरोप है कि इसके कुछ दिनों बाद विधायक शादी से मुकर गया। इसके बाद वह केस को लेकर आईजी सत्यवीर सिंह के समक्ष पेश हुई। जांच में यह बात भी सामने आई है कि शिकायतकर्ता महिला पहले से शादीशुदा है।
पुलिस ने बताया कि शिकायतकर्ता महिला मध्यप्रदेश की रहने वाली है। उसका आरोप है कि 52 वर्षीय विधायक प्रताप लाल भील ने उससे शादी करने का वादा किया और इसकी आड़ में कई बार उसके साथ बलात्कार किया। ऐसे में महिला ने गुरुवार को विधायक प्रताप लाल भील के खिलाफ बलात्कार के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कराई है। मामले में पुलिस का कहना है कि पीड़िता की चिकित्सकीय जांच के बाद उसका बयान दर्ज कर लिया गया है।