कन्हैया के हत्यारे के साथ शिक्षक की तस्वीर।
- फोटो : सोशल मीडिया
उदयपुर में 28 जून को कन्हैयालाल की गला काटकर हत्या करने के मामले में लोगों का गुस्सा अभी भी शांत नहीं हुआ है। हत्याकांड के मुख्य आरोपी रियाज अत्तारी की फोटो जिले में एक शिक्षक के साथ सामने आई है। सोशल मीडिया पर इस फोटो के वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीण शिक्षक को स्कूल से हटाने की मांग की। शिक्षा विभाग ने ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए शिक्षक की ड्यूटी जिला मुख्यालय में लगा दी है।
जानकारी के अनुसार शिक्षक एहतशाम अहमद की पोस्टिंग उदयपुर के कुराबड ब्लॉक के रुणेजा प्राथमिक विद्यालय में है। एहतशाम की तस्वीर रियाज अत्तारी के साथ वायरल हो गई है। जिसके बाद ग्रामीणों ने शिक्षक का बहिष्कार कर दिया है।
बताया जा रहा है कि शिक्षक ने इस संबंध में ब्लॉक शिक्षा अधिकारी को एक पत्र भी लिखा, जिसमें कहा गया कि ग्रामीणों ने उन्हें विद्यालय नहीं आने की धमकी दी है। सुरक्षा को खतरा बताते हुए शिक्षक ने सुरक्षा की मांग की थी। जिसके बाद शिक्षा विभाग ने शिक्षक एहतशाम की ड्यूटी जिला मुख्यालय में लगा दी।
28 जून को गला काटकर की गई थी कन्हैया की हत्या
इन दिन उदयपुर में कन्हैयालाल की हत्या कर दी गई थी। वह धानमंडी इलाके के भूत महल क्षेत्र में रहते थे और पेशे से दर्जी थे। दो मुस्लिम युवक कपड़े का नाप देने के बहाने उनकी दुकान पर पहुंचे और धारदार हथियार से कन्हैया पर वार करना शुरू कर दिया। ताबड़तोड़ हमलों ने कन्हैया को संभलने का मौका तक नहीं दिया। उसकी गर्दन कट गई और मौके पर ही मौत हो गई। हमले में दुकान पर काम करने वाला उसका साथी ईश्वर सिंह भी गंभीर रूप से घायल हो गया था।