करौली में शनिवार से बॉक्सिंग का रोमांच छाएगा। राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता शुरू होगी। इस प्रतियोगिता में प्रदेश के करीब 400 बॉक्सर हिस्सा लेंगे।
करौली जिला मुख्यालय पर शनिवार से बॉक्सिंग का रोमांच छाएगा। प्रदेश के करीब 400 बालक-बालिका बॉक्सर मुक्केबाजी के पंच दिखाएंगे। जिला मुक्केबाजी संघ करौली और मनीष राज स्पोर्टस एकेडमी के तत्वावधान में करौली में 38वीं राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक वर्ग और 22वीं राज्य स्तरीय बालिका वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता शनिवार से शुरू होगी।
विज्ञापन
बॉक्सिंग प्रतियोगिता को लेकर आयोजन समिति की ओर से तैयारियां की जा रही हैं। प्रतियोगिता को लेकर शुक्रवार को एक होटल में आयोजित पत्रकार वार्ता में जिला मुक्केबाजी संघ के पदाधिकारियों ने जानकारी दी। संघ के सचिव धारा मीना ने बताया कि मुंशी त्रिलोकचन्द माथुर स्टेडियम में 29 से 31 जुलाई तक राज्य स्तरीय सब जूनियर बालक-बालिका वर्ग की मुक्केबाजी प्रतियोगिता होगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के 25 जिलों की टीमों के बॉक्सर भाग लेंगे। इनमें करीब 200 बालक और करीब 175 बालिकाएं शामिल हैं। प्रतियोगिता के लिए करीब 30 रैफरी और निर्णायक लगाए गए हैं।
प्रतियोगिता में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक और शाम को पांच बजे से रात 11 बजे तक मैच होंगे। इस मौके पर संघ के संयुक्त सचिव विक्रम जगरवार सहित आयोजन समिति के अनिल शर्मा मेडिकल, पुष्पेन्द्र कुमार शर्मा, साजिद खान, सोनू सारस्वत, बॉवी राजपूत, नितिन शर्मा आदि मौजूद रहे।